विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में दिनदहाड़े युवक की 6 गोलियां मारकर हत्या, चुनावी रंजिश का शक

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:58 PM (GMT+05:30)

कैथल के जाजनपुर गांव में एक युवक राजीव की पड़ोसी अधिवक्ता वीरेंद्र श्योकंद ने छह गोलियां मारकर हत्या कर दी। चुनावी रंजिश को हत्या का कारण बताया जा रहा है।

दिन दहाड़े छह गोलियां मारकर युवक की हत्या। सांकेतिक तस्वीर।

दिन दहाड़े छह गोलियां मारकर युवक की हत्या। सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. युवक राजीव की छह गोलियां मारकर हत्या

  2. अधिवक्ता वीरेंद्र श्योकंद पर हत्या का आरोप

  3. चुनावी रंजिश को हत्या का मुख्य कारण

संवाद सहयोगी, ढांड (कैथल)। गांव जाजनपुर में पड़ोसी के घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे एक युवक की छह गोलियां मारकर हत्या कर दी। आरोपित वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान जाजनपुर निवासी 42 वर्षीय राजीव के रूप में हुई है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपित एडवोकेट है और कैथल कोर्ट में प्रैक्टिस करता है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताई जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में ग्रामीण मनिंदर ने बताया कि राजीव तालाब में मछलियों को आटा डालकर उसके पास आ गया। हम दोनों घर के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इतने में गांव का ही युवक वीरेंद्र श्योकंद मोटरसाइकिल पर आया। उसने आते ही रिवाल्वर निकाली और राजीव के माथे में गोली मारी। आरोपित ने राजीव पर छह गोलियां दागी। राजीव की मौके पर मौत हो गई। मनिंदर ने बताया कि राजीव की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

बताया जा रहा है कि आरोपित विरेंद्र श्योकंद आम आदमी पार्टी का लीगल सेल का हलका अध्यक्ष भी रहा है, लेकिन बाद में उसने पार्टी छोड़ दी थी। आरोपित एडवोकेट विरेंद्र शंकी किस्म का आदमी था, जो हर समय लड़ाई-झगड़ा करने पर उतारु रहता था। इस कारण ग्रामीण आरोपित से दूरी बनाए रखते थे।

खेती-बाड़ी करता था आरोपित

मृतक अपने पीछे पत्नी व एक बेटा छोड़ गया। राजीव गांव में ही खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। राजीव का बड़ा भाई विदेश में रहता है। कई वर्ष पहले माता-पिता की मौत का निधन हो चुका है। घटना के बाद से भारी पुलिस बल तैनात है।

ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी। उसके बावजूद आरोपित व्यक्ति को पुलिस पकड़ क्यों नहीं पाई। जबकि घटना के बाद दो घंटे तक आरोपित युवक का मोबाइल आन था जिसकी लोकेशन ट्रेस करके उसे पकड़ा जा सकता था।

शव को उठाने से किया इनकार

ग्रामीणों ने डीएसपी सुशील को कहा की आरोपित के एनकाउंटर से पहले शव को नहीं उठाने देंगे। काफी मशक्कत के बाद डीएसपी ने ग्रामीणों को समझाया और पोस्टमार्टम के लिए शव को नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे जब तक आरोपित का एनकाउंटर नहीं होगा। इस बात को लेकर गांव में माहौल तनावपूर्ण है। डीएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उचित कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

आरोपित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज: एसएचओ

ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि गांव जाजनपुर के मनिंदर की शिकायत पर आरोपित वीरेंद्र श्योकंद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।