हरियाणा के कैथल में रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने पर टोका तो DSP के ड्राइवर पर चढ़ाई कार, बोनट पर लटकाकर 200 मीटर तक घसीटा
कैथल में एक क्रेटा कार चालक और उसके साथी पर डीएसपी के चालक को गाड़ी के बोनट पर 200 मीटर ...और पढ़ें
-1793567047051_m.webp)
कैथल में DSP के ड्राइवर पर चढ़ाई कार। फोटो जागरण
HighLights
डीएसपी चालक को कार बोनट पर घसीटा गया।
आरोपी क्रेटा कार चालक व साथी पर केस।
पुलिसकर्मी सुरेंद्र ने जान बचाने को वाइपर पकड़े।
जागरण संवाददाता, कैथल। जिला सचिवालय के पास करनाल रोड पर गलत दिशा से आ रही क्रेटा कार के चालक और उसके साथी पर हरियाणा पुलिस के मुख्य सिपाही के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिसकर्मी ने कार के बोनट पर लटकाकर करीब 200 मीटर तक घसीटने के आरोप भी लगाए हैं। गांव अलेवा जींद निवासी पुलिसकर्मी सुरेंद्र की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में दो युवकों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया।
शिकायत में बताया कि वह कैथल में डीएसपी (एईसी) के चालक के पद पर तैनात है। फिलहाल परिवार सहित पुलिस लाइन कैथल में रह रहा है। 31 अक्टूबर को शाम करीब पौने पांच बजे वह अपनी पत्नी के साथ कार में सेक्टर-19 से पिहोवा चौक की तरफ जा रहा था।
जब वह सचिवालय के पास करनाल रोड पर पहुंचा तो सामने से पिहोवा चौक की तरफ से आ रही क्रेटा कार का चालक गलत दिशा में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया। आरोप है कि चालक ने कट मारकर कार मोड़ दी, जिससे उसकी कार टकराने से बाल-बाल बची। जब उसने क्रेटा चालक को सही तरीके से गाड़ी चलाने के लिए कहा तो चालक और उसके साथ आगे की सीट पर बैठे युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
गाड़ी के वाइपर पकड़ कर बचाई जान
दोनों ने सड़क के बीच कार रोक दी, जिससे जाम लग गया। जब उनकी कार का नंबर देखने के लिए सामने आया तो साथी युवक ने चालक को कार भगाने के लिए उकसाया। इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार से कार दौड़ा दी। सुरेंद्र कार के बोनट पर गिर गया और बचाव के लिए वाइपर पकड़ लिए। आरोप है कि चालक उसे बोनट पर लटकाए करीब 200 मीटर तक कार दौड़ाता रहा।
सामने से दूसरी गाड़ी आने पर ही उसने कार रोकी। इसके बाद भी दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। दोनों ने उसके साथ मारपीट का प्रयास भी किया और फिर कार लेकर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।