हरियाणा: शादियों के सीजन में बैंकों में छोटे नोट का टोटा, लोग हो रहे परेशान; गड्डियों के लिए ₹500 ज्यादा देने पड़ रहे
शादी-समारोह के सीजन में बैंकों में छोटे नोटों (10, 20, 50) की कमी से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि बैंक में न मिलने वाले नोट बाजार में अतिरिक्त पैसे देकर आसानी से उपलब्ध हैं, जिस पर सरकार और आरबीआई को ध्यान देना चाहिए।

हरियाणा: शादियों के सीजन में बैंकों में छोटे नोट का टोटा (जागरण आर्काइव)
HighLights
बैंकों में शादी सीजन के दौरान छोटे नोटों की भारी कमी।
बाजार में अतिरिक्त कीमत पर आसानी से मिल रहे हैं छोटे नोट।
ग्रामीणों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।
संवाद सहयोगी, पाई। इन दिनों शादी-समारोह का सीजन चल रहा है। इन आयोजनों में लोगों को नकद की जरूरत पड़ रही है, लेकिन बैंकों में छोटे नोट न मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव पाई के ग्रामीणों ने बताया कि बैंकों में 10, 20,50 आदि नोटों की नई गड्डियां उपलब्ध नहीं होतीं, लेकिन बाजार में 400-500 रुपये अतिरिक्त देने पर उतनी ही गड्डियां आसानी से मिल जाती हैं। ग्रामीण महावीर, नरेंद्र, नरेश, रणबीर आदि का कहना है कि आखिरकार यह कैसा सिस्टम है? जब आम आदमी को शादी-विवाह जैसे शुभ अवसरों के लिए नए नोट नहीं मिलते, तो फिर बाजार में ये गड्डियां कहां से आ जाती हैं?
क्या इस पूरे मामले की जांच नहीं होनी चाहिए? आम आदमी अपनी जरूरत के लिए परेशान हो और कुछ लोग कथित तौर पर इसी मजबूरी का फायदा उठाकर अतिरिक्त पैसे वसूलें, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि सवाल बैंक व्यवस्था से है। सरकार और रिजर्व बैंक को इस मामले का संज्ञान लेकर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम आदमी को अपने ही पैसों के लिए अतिरिक्त कीमत न चुकानी पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न आए।