कैथल मुठभेड़ में पंजाब के दो बदमाश को लगी गोली, एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस की कार्रवाई
कैथल पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद काबू किया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी।
-1794500716808_m.webp)
कैथल मुठभेड़ में पंजाब के दो बदमाश को लगी गोली। फोटो जागरण
HighLights
कैथल पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों को पकड़ा।
मुठभेड़ में बदमाशों के पैरों में गोली लगी, पुलिसकर्मी सुरक्षित।
विदेशी नंबर से धमकी देकर मांगी गई थी एक करोड़ रंगदारी।
जागरण संवाददाता, कैथल। गांव पाडला के एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में कैथल पुलिस की एंटी एक्सटार्शन सेल ने वीरवार अलसुबह दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पाडला-गुहणा रोड पर गांव दुंधरेहड़ी की तरफ जाने वाले रास्ते के मोड़ पर सुबह करीब पौने चार बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।
दोनों तरफ से करीब 18 राउंड फायर किए गए। इस दौरान दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी। आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली मुख्य सिपाही देवेंद्र कुमार की छाती पर लगी। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उनकी जान बच गई। दोनों आरोपितों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां से रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिए गए। दोनों आरोपित विदेश में रह रहे एक बदमाश के शूटर हैं।
बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी टीम
घायल आरोपितों की पहचान अमृतसर के गांव तीमोवाल के गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा और राणाकलां निवासी कर्मवीर सिंह उर्फ मान के रूप में हुई है। उनसे दो देशी पिस्तौल, एक कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी एक्सटार्शन सेल प्रभारी एएसआइ तरसेम कुमार की टीम गांव बाबा लदाना बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी।
सूचना मिली कि गांव पाडला के एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। उसके घर पर फायरिंग करने के इरादे से पंजाब के दो युवक बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तलाश शुरू की। सुबह करीब पौने चार बजे पाडला-गुहणा रोड पर मोटरसाइकिल दिखाई दी।
पुलिस को देखकर दोनों युवक दुंधरेहड़ी की तरफ भागने लगे। पीछा करने पर करीब 200 मीटर आगे कच्चे रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद दोनों पेड़ों की आड़ में छिप गए। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
पीड़ित के पास 23 अक्टूबर से आ रहे थे विदेशी नंबर से फोन
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि शिकायतकर्ता को 23 अक्टूबर से विदेशी नंबर से फोन आने शुरू हुए थे। 24 अक्टूबर को फोन करने वाले ने उसके बेटों को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगी थी। सदर थाना में केस दर्ज किया गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपित रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति के साथ काम करते थे और शिकायतकर्ता पर हमला करने के आए थे। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध पुलिस पार्टी पर हमला करने के आरोप में भी थाना सदर में केस दर्ज किया है।
गुरकीरत पर पंजाब में हत्या प्रयास और मारपीट के दो केस भी दर्ज हैं। बता दें कि पीड़ित व्यक्ति का एक बेटा कनाडा में रहता है और वहां कई ट्रक ले रखे हैं। इस समय वह युवक भी शादी करने के लिए गांव में आया हुआ है। यह भी बताया जा रहा है कि बदमाश रंगदारी की कुछ रकम ले चुके थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।