यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जवाहर और चिल्ड्रन पार्क में हर तरफ कचरा, बिजली के खुले जोड़ बने खतरा
नगर परिषद की तरफ से हर साल जवाहर और चिल्ड्रन पार्क की देखरेख का ठेका दिया जाता है। अब यह ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की तरफ से हर साल जवाहर और चिल्ड्रन पार्क की देखरेख का ठेका दिया जाता है। अब यह ठेका करीब एक महीने से खत्म हो चुका है। ऐसे में बिना देखभाल के दोनों पार्क बदहाल हो चुके हैं। पार्को में सफाई ना होने के कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जवाहर पार्क में पानी की टंकी के पास बड़ा कचरे का ढेर लगा हुआ है। बिजली के खंभों के पास तार खुले पड़े हैं, जिससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। जवाहर पार्क में म्यूजिक बाक्स रखे हुए हैं जो कई सालों से खराब हैं। बता दें कि दोनों पार्को की देखरेख में करीब छह लाख रुपये महीना खर्च किए जाते थे। 31 कर्मचारी देखरेख का काम करते थे। सुबह-शाम शहर के लोग यहां सैर करने के लिए आते हैं। पार्कों में लगे बिजली के खंभों पर खुले तार लटक रहे हैं। शनिवार को विभिन्न स्कूलों के छोटे बच्चे पार्को में आते हैं। ऐसे में खुली पड़ी तार से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। म्यूजिक फाउंटेन पड़ा है खराब
चिल्ड्रन पार्क में करीब पांच लाख रुपये की लागत से म्यूजिक फाउंटेन लगाया गया है। इसमें फव्वारे से निकलने वाले पानी के साथ म्यूजिक बजता था। बिना देख रेख के यह फाउंटेन खराब पड़ा हुआ है। जवाहर पार्क में लगाए गए फव्वारे भी खराब पड़े हैं। इसके अलावा चिल्ड्रन पार्क में बनाया गया डा. हरगोबिद तारामंडल करीब दो साल से बंद है। कोरोना शुरू होने पर तारामंडल बंद किया गया था, जिस आज तक भी शुरू नहीं किया गया है। तालाब का पानी हो रहा गंदा
साफ-सफाई ना होने के कारण चिल्ड्रन और जवाहर पार्क में बने तालाब में गंदगी जमा हो चुकी है। गंदगी के कारण तालाबों का पानी गंदा हो रहा है। तालाब में पड़े कचरे को निकाला नहीं जा रहा है। चिल्ड्रन पार्क में शहर के लोग वोटिग का आनंद लेने के लिए आते हैं, लेकिन गंदगी के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। पार्क में टूटे पड़े हैं झूले
चिल्ड्रन पार्क में नगर परिषद की तरफ से लाखों रुपये की लागत से बच्चों के लिए झूले लगाए गए थे। लगभग सभी झूले टूटे हुए हैं। झूलों के ऊपर लगी प्लास्टिक की छत टूट चुकी है, लेकिन कोई संभाल नहीं की जा रही है। चिल्ड्रन पार्क में बनाया गया डायनासोर पार्क बदहाल हो चुका है। डायनासोर के स्टेचू टूट चुके हैं।
नहीं हो रही शौचालयों की सफाई
चिल्ड्रन पार्क में महिला और पुरुष शौचालय बनाए हुए हैं। ठेका खत्म होने के बाद से इन शौचालयों में कोई सफाई नहीं करवाई जा रही है। सफाई ना होने के कारण गंदगी फैली रहती है, जिससे पार्क में आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा पार्क में रखी पानी की टंकी से टोंटी चोरी हो चुकी है, जिस कारण टंकी से पानी व्यर्थ बहता रहता है।
बाक्स नगर परिषद सचिव मोहन लाल ने बताया कि चिल्ड्रन और जवाहर पार्क की देखरेख का ठेका खत्म हो चुका है। नया टेंडर लगाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। जल्द ही नया टेंडर लगा दिया जाएगा और सभी समस्याओं को दूर करवा दिया जाएगा। --------
