निलंबित सिविल सर्जन डा. जयभगवान जाटान को किया बहाल, सोनीपत का पीएमओ नियुक्त
विधायक लीला राम की शिकायत पर निलंबित किए गए सिविल सर्जन कैथल डा. जयभगवान जाटान को बहाल कर दिया गया है। उन्हें सोनीपत का पीएमओ नियुक्त किया है।
जागरण संवाददाता, कैथल: विधायक लीला राम की शिकायत पर निलंबित किए गए सिविल सर्जन कैथल डा. जयभगवान जाटान को बहाल कर दिया गया है। उन्हें सोनीपत का पीएमओ नियुक्त किया है। हालांकि उन पर लगे आरोपों की जांच चलती रहेगी। सात अक्टूबर को विधायक लीला राम की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेशों के बाद उन्हें सस्पेंड किया गया था। यह मामला प्रदेशभर में सुर्खियों में रहा था। हरियाणा मेडिकल सर्विस एसोसिएशन ने डा. जयभगवान का समर्थन करते हुए हड़ताल की चेतावनी तक दे डाली थी, वहीं विधायक लीला राम भी अपनी बात पर अडिग थे। उन्होंने डा. जयभगवान का निलंबन सही बताया था। बता दें कि कैथल से पहले डा.जाटान जींद में सिविल सर्जन थे। वहां भी विधायक की शिकायत पर निलंबित कर दिए गए थे, लेकिन महज 12 दिन में बहाल हो गए थे। अब 16 दिन बाद उन्हें बहाल किया गया है।
ये था मामला
विधायक लीला राम की शिकायत पर कैथल के सिविल सर्जन डा. जयभगवान को सात अक्टूबर को सस्पेंड किया गया था। आरोप लगाए थे की आउट सोर्सिंग भर्ती में गोलमाल किया गया है। जब इस बारे में लगाए गए कर्मचारियों की लिस्ट मांगी तो उन्होंने जवाब दे दिया गया। विधायक ने डा. जयभगवान पर नीचे के कर्मचारियों और अधिकारियों को विधायक कैथल और पूंडरी के फोन न उठाने बारे निर्देश देने के भी आरोप लगाए थे। वहीं डा. जयभगवान ने सरकार को पत्र लिखकर उन्हें कैथल के डा. आर्य अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील करने के मामले में सहयोग न करने को लेकर बेवजह सस्पेंड करने का आरोप लगाया था। बाद में विधायक लीला राम ने नौ प्रेस वार्ता कर इन सभी आरोपों को नकार दिया था। कहा था कि यह सभी आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। उन्होंने किसी को फोन नहीं किया। इसके बाद एक ऑडियो वायरल किया गया था। इसमें विधायक और डा. जयभगवान की वार्ता का ऑडियो और विधायक के पीएम के साथ डा. की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में अल्ट्रासाउंड केंद्र पर रेड न करने की बात कह रहे हैं। इस मामले को लेकर हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कैथल में प्रेस वार्ता करते हुए हड़ताल की चेतावनी दे थी। इसके बाद एसोसिएशन इस मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से भी मिली। विज ने आश्वासन दिया था कि डा.जाटान जल्दी ही बहाल कर दिए जाएंगे।
यूनियन के संघर्ष की जीत है
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के जिला प्रधान डा. संदीप ने बताया कि यह यूनियन के संघर्ष की जीत है। सरकार को भविष्य में जांच उपरांत ही कोई फैसला लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। ----------