कैथल में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की कुख्यात बदमाश के साथ मुठभेड़, पैर में लगी गोली; 13 राउंड हुए फायर
कैथल के गुहला-चीका में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने कुख्यात बदमाश रवि उर्फ निंजा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। बदमाश के पांव में गोली लगी है।
-1777224044482_m.webp)
गोली लगने के बाद बदमाश को ले जाती पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
गुहला-चीका में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की बदमाश से मुठभेड़।
कुख्यात बदमाश रवि उर्फ निंजा के पांव में लगी गोली।
आरोपित पर सात आपराधिक मामले दर्ज, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, गुहला-चीका (कैथल)। जिले के गांव खुशहाल माजरा के नजदीक रविवार शाम साढ़े चार बजे स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की कुख्यात बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। बदमाश की पहचान जिला करनाल के गांव रंभा निवासी रवि उर्फ निंजा के रूप में हुई।
आरोपित के पांव में गोली लगी है। मुठभेड़ में कुल 13 राउंड फायर हुए हैं, इनमें से आठ पुलिस की तरफ से तो पांच बदमाश रवि की तरफ से किए गए हैं। घटना के बाद मौके पर डीएसपी गुहला रमेश गुलिया पहुंचे। घायल बदमाश को इलाज के लिए गुहला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
जहां से कैथल रेफर कर दिया गया है। पुलिस की ओर से जांच जारी है। पुलिस के साथ मुठभेड़ के इससे पहले भी कैथल में पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बता दें कि चार अप्रैल को चीका में एक मोबाइल दुकान पर गोलियां चलाई गई थी।
जिसमें एक आरोपित को 14 अप्रैल को मुठभेड़ के दौरान काबू किया गया था, जिसे ढांड क्षेत्र से पकड़ा था। मामले में पांच आरोपित पहले काबू किए जा चुके हैं। आरोपित रवि ने उक्त मामले में शूटर उपलब्ध करवाए थे। आरोपित विदेश में बैठक बदमाश के संपर्क में भी बताया जा रहा है।
पुलिस को बदमाश के गुहला क्षेत्र में होने की मिली थी जानकारी
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बदमाश रवि किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में गुहला क्षेत्र में मौजूद है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुआई में एएसआइ तरसेम कुमार की टीम ने आरोपित को गुहला क्षेत्र में देखा।
पुलिस ने नजर बनाए रखी और गांव खुशहाल माजरा के पास बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिए, जिसमें से एक गोली एएसआइ तरसेम की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई गई। जिसमें से एक गोली आरोपित के घुटनों में लग गई और बदमाश घायल हो गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपित को काबू कर लिया गया। आरोपित पर सात आपराधिक केस दर्ज हैं। एक मामला करनाल पुलिस के साथ मुठभेड का भी है।
