कॉलोनी में नहीं डाले जा रहे सीवर नप कार्यालय पहुंची महिलाएं
चंदाना रोड स्थित चौधरी पट्टी की महिलाएं एकत्रित होकर नगर परिषद कार्यालय पहुंची। महिलाएं कॉलोनी में सीवरेज नहीं होने की समस्या को लेकर चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुरेश कश्यप से मिली।
जागरण संवाददाता, कैथल : चंदाना रोड स्थित चौधरी पट्टी की महिलाएं एकत्रित होकर नगर परिषद कार्यालय पहुंची। महिलाएं कॉलोनी में सीवरेज नहीं होने की समस्या को लेकर चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुरेश कश्यप से मिली। महिला सुनीता देवी, बाली, पतासो, सुमन ने बताया कि उनकी कॉलोनी में सीवरेज की कोई व्यवस्था नहीं है। करीब 18 से 20 घर कॉलोनी में बने हुए हैं। कुछ दूरी तक तो सीवरेज बिछाए गए हैं, लेकिन उनके घरों तक सीवर नहीं बिछाए जा रहे हैं। उन्हें आज भी घरों के आगे कुई खुदवानी पड़ रही है। वे भी कुछ ही महीनों में भर जाती हैं और गंदगी को फेंकने के लिए भी उनके पास कोई जगह नहीं है। पानी निकासी का भी कोई साधन नहीं है।
प्रतिनिधि ने मौके पर ही जेई संजीव कुमार को बुलाया और महिलाओं की समस्या के बारे में बताया। जेई को कहा कि महिलाओं की समस्या का समाधान किया जाए। अब शहर में अमरुत के तहत नए सीवरेज डाले जा रहे हैं। हालांकि जहां-जहां सीवरेज डलने हैं यह पहले से ही तय हो चुका है। प्रतिनिधि सुरेश ने बताया कि महिलाएं उनसे मिली थी। जेई को समस्या का समाधान करने के लिए बोला गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप