70 सक्षम युवाओं ने संभाला सर्वे का कार्य, काम में आएगी तेजी
नगर परिषद की ओर से फेमिली आइडी बनाने को लेकर सर्वे का कार्य दोबारा शुरू किया गया है। कार्य को तेजी से करने के लिए नप ने 100 सक्षम युवा मांगे थे। मंगलवार को इनमें से 70 युवाओं ने काम संभाल लिया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से फेमिली आइडी बनाने को लेकर सर्वे का कार्य दोबारा शुरू किया गया है। कार्य को तेजी से करने के लिए नप ने 100 सक्षम युवा मांगे थे। मंगलवार को इनमें से 70 युवाओं ने काम संभाल लिया है। नप कर्मचारी राजकुमार ने सभी सक्षम युवाओं को उनका काम समझाया है। नप को शहर में करीब 32 हजार परिवारों की पहचान करनी है। फिलहाल 24 हजार 600 परिवारों की ही पहचान की गई है। नप कर्मचारी और 99 बीएलओ इस कार्य में लगे हुए हैं। पहले किए गए सर्वे में जो परिवार रह गए थे उनकी पहचान की जा रही है। शहर के लोग भी टीम को सहयोग नहीं कर रहे हैं। कुछ जानकारी देने से मना कर देते हैं तो कुछ गलत जानकारी दे देते हैं। जिनकी जानकारी गलत होती है उनकी जानकारी विभाग की साइट पर भी अपलोड नहीं हो पा रही है। ऐसे में कार्य को तेजी से करने के लिए सक्षम युवाओं को बुलाया गया है। नप टीमों के साथ अब सक्षम युवाओं को भी भेजा जाएगा ताकि जल्द से जल्द बचे हुए परिवारों तक पहुंचा जा सके।
वर्जन: सर्वे में तेजी के लिए मांगें थे सक्षम युवा
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि फेमिली आइडी सर्वे को तेजी से करने के लिए सक्षम युवा मांगे थे। अब 70 युवाओं ने काम संभाल लिया है। उम्मीद है जल्द ही सर्वे के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।