एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ बॉक्सर मनीषा का चयन
जिले की बॉक्सर खिलाड़ी मनीषा का सीनियर एशियन चैंपियनशिप 2019 के लिए चयन हो गया है। यह जानकारी बॉक्सिग कोच गुरमीत सिंह ने दी।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले की बॉक्सर खिलाड़ी मनीषा का सीनियर एशियन चैंपियनशिप 2019 के लिए चयन हो गया है। यह जानकारी बॉक्सिग कोच गुरमीत सिंह ने दी। गुरमीत ने बताया कि मनीषा ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली में हुई ट्रायल में भाग लिया था। मनीषा का चयन 54 किलोग्राम भारवर्ग में हुआ है। यह प्रतियोगिता 17 से 28 अप्रैल को थाइलेंड में आयोजित की जाएगी। जिले के लिए यह बहुत अच्छी खबर है। खिलाड़ी प्रतियोगिता में पदक जीतकर पूरे देश का नाम रोशन करेगी। मनीषा ने अपने चयन का श्रेय कोच राजेंद्र सिंह, कोच गुरमीत सिंह, कोच विक्रम को दिया है। खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी सतविद्र गिल ने भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में मेडल जीत कर ही वापस आएगी। बॉक्सिग संघ के जिला प्रधान जोगी राम, उपप्रधान राधा कृष्ण व कर्मबीर फौजी ने बधाई दी।