आइटीआइ बूथ पर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
विधानसभा क्षेत्र के लगभग सभी बूथों पर चुनाव शांतिप्रिय ढंग से संपन्न हुआ। जींद रोड स्थित आइटीआइ मतदान केंद्र सबसे ज्यादा संवेदनशील बूथ रहा। सुबह करीब दस बजे ही वहां भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद होना शुरू हो गया था।
जागरण संवाददाता, कैथल : विधानसभा क्षेत्र के लगभग सभी बूथों पर चुनाव शांतिप्रिय ढंग से संपन्न हुआ। जींद रोड स्थित आइटीआइ मतदान केंद्र सबसे ज्यादा संवेदनशील बूथ रहा। सुबह करीब दस बजे ही वहां भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद होना शुरू हो गया था। शाम साढ़े पांच बजे मतदान केंद्र के बाहर पुलिस को भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना पड़ा। विवाद से पहले रणदीप सुरजेवाला के भाई सुदीप सुरजेवाला कार्यकर्ताओं के साथ मतदान केंद्र पर आए थे। वे कार्यकर्ताओं के साथ अंदर चले गए तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने बहस शुरू कर दिया। पुलिस ने सुदीप व उसके कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला तो भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुदीप सुरजेवाला की कार के शीशे तोड़ दिए। स्थिति खराब होते देख पुलिस व सुरक्षाबलों ने लाठी चार्ज कर दिया। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर भी बरसाए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला व भाजपा प्रत्याशी लीला राम गुर्जर भी मौके पर पहुंच गए थे। एसडीएम कमलप्रीत कौर भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। करीब एक घंटे तक तनावपूर्ण माहौल रहा।
सुबह से स्थिति रही खराब
आइटीआइ बूथ पर करीब दस बार विवाद हुआ, जिस कारण वहां अतिरिक्त पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा। डीसी व एसपी ने भी इस बूथ का दौरा किया और हालात का जायजा लिया था। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए तीन डीएसपी पुलिसबल सहित वहां तैनात कर दिए गए थे। पुलिस फोर्स बार-बार मतदान केंद्र से कार्यकर्ताओं को हटाती रही, लेकिन कुछ देर बाद फिर से भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता मतदान केंद्र के बाहर जमा हो जाते। हालांकि भाजपा कार्यकर्ता आरोप लगाते रहे कि कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक मतदाताओं को बहका रहे हैं और उनके पक्ष में वोट डालने की कह रहे हैं।
आइटीआइ में बनाए गए थे सात बूथ
आइटीआइ में इस बार सात मतदान बूथ बनाए गए थे। करीब 11 हजार मतदाताओं को इस केंद्र पर मतदान करना था। कैथल विधानसभा हॉट सीट होने के कारण 11 हजार वोटों के बहुत मायने होते हैं। किसी भी प्रत्याशी को जितवाने में इस मतदान केंद्र का अहम योगदान रहता है। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता इस केंद्र पर अपना कब्जा करना चाहते थे। यहां पर मॉडल टाउन और प्योदा रोड पर रहने वाले लोगों के वोट थे।
स्थिति नियंत्रण में
एसपी विरेंद्र विज ने बताया कि आइटीआइ मतदान केंद्र पर स्थिति पूरी तरह से पुलिस के नियंत्रण में थी। कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते थे, जिन्हें काबू करने के लिए हलका बल प्रयोग किया गया। तीन डीएसपी सहित पुलिस बल सुरक्षा को लेकर तैनात किया गया था ताकि मतदाताओं को कोई परेशानी ना हो।
विधानसभा कैथल से कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा की गुंडागर्दी का चेहरा एक बार फिर उजागर हुआ है। भाजपा के गुंडों ने आइटीआइ स्थित कांग्रेस के बूथ पर हमला किया। इस सारे प्रकरण में प्रशासन मूक दर्शक बन कर खड़ा रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं का इस तरह से हमला करना उनकी हार की निशानी को दर्शाती है। भाजपा के कार्यकर्ता जान लें की उनकी उल्टी गिनती जनता ने शुरू कर दी है।
विधानसभा कैथल से भाजपा के प्रत्याशी लीला राम गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार ने बाहर से बदमाश बुलाए हुए थे। वे बदमाश बूथों पर जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहे थे। इसकी शिकायत भी पुलिस को की गई थी। आइटीआइ बूथ पर भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने माहौल को खराब किया।