सफाई कर्मचारियों को दो महीने से नहीं मिला वेतन
नगर पालिका कर्मचारी संघ ब्लाक कमेटी कैथल के सदस्यों ने मांगों को लेकर भाजपा विधायक लीला राम गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। दोपहर बाद सभी कर्मचारी नप कार्यालय में एकत्रित हुए और वहां से विधायक आवास पर जाकर ज्ञापन दिया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर पालिका कर्मचारी संघ ब्लाक कमेटी कैथल के सदस्यों ने मांगों को लेकर भाजपा विधायक लीला राम गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। दोपहर बाद सभी कर्मचारी नप कार्यालय में एकत्रित हुए और वहां से विधायक आवास पर जाकर ज्ञापन दिया गया। ब्लाक प्रधान महेंद्र ने बताया कि नगर परिषद में पे-रोल पर लगे 140 सफाई कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा डोर टू डोर में लगे कर्मचारियों को भी ठेकेदार दो महीने से वेतन नहीं दे रहा है।
हरियाणा सरकार व कर्मचारी संघ के बीच हुए समझौते के अनुसार पेरोल पर लगे कर्मचारियों को ज्वाइनिग लेटर देना था जो नहीं दिया गया है। इसके अलावा 12 कर्मचारी काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें 140 कर्मचारियों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। इन कर्मचारियों का कोई लेटर भी नहीं दिया गया है। अगर चार दिनों में उनकी हर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। इस दौरान अगर सफाई व्यवस्था खराब होती है तो उसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन व नप अधिकारियों की होगी। ज्ञापन की कॉपी जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी दी गई है। कर्मचारी विक्की ने बताया कि विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द उनकी सभी समस्याओं का समाधान करवा दिया जाएगा।