कोहरे से मिली राहत, शीत लहर ने किया परेशान
मंगलवार को कोहरे से राहत तो मिली लेकिन शीत लहर ने परेशान किया। आगे अब शीतलहर चलने की आशंका है।
जागरण संवाददाता, कैथल : मंगलवार को कोहरे से राहत तो मिली, लेकिन शीत लहर ने परेशान किया है। बता दें कि पिछले कई दिनों से सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाए हैं। जिस कारण लोगों की दिनचर्या काफी प्रभावित हुई है। मंगलवार को कुछ समय के लिए धूप तो निकली। परंतु उसके बाद आसमान में बादल छा गए और बरसात का मौसम बना रहा। हालांकि इस दौरान बरसात नहीं हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अब आगे बरसात होने की संभावना नहीं है। जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे। बढ़ रही ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, शीत लहर चलने के बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी भी आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया।
आज हो सकता है मौसम साफ
चौधरी चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के अधीन कृषि विभाग के मुख्य समन्वयक डा. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अभी एक फरवरी तक ठंड से राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। जबकि बुधवार को मौसम साफ हो सकता है। अब बरसात होने की भी कोई संभावना नहीं है। जबकि शीत लहर का ऐसे ही प्रकोप रह सकता है। बच्चों व बुजुर्गों को अपनी सेहत का ख्याल रखने की अधिक जरूरत है। किसान अपनी फसलों का अधिक ध्यान रखें। खेतों में कृषि विज्ञानियों के सलाह की बाद ही पानी दें। अभी अगले दो सप्ताह तक लगातार सुबह व शाम के समय घना कोहरा छाया रहने की आशंका है।