संघ की स्थापना समाज को संगठित करने के लिए :प्रीतम सिंह
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से हर साल दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में पथ संचलन इस बार दो दिन पहले रविवार को किया गया। इसमें भारी संख्या में स्वयं सेवकों ने कदमताल किया।
जागरण संवाददाता, कैथल : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से हर साल दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में पथ संचलन इस बार दो दिन पहले रविवार को किया गया। इसमें भारी संख्या में स्वयं सेवकों ने कदमताल किया।
जिला संघ चालक राजेश सर्राफ, विभाग कार्यवाह प्रीतम सिंह, जिला कार्यवाह प्रीतम व कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक मुकेश जिदल ने बताया कि पथ संचलन शहर के आरकेएसडी कॉलेज से शुरू होकर, प्रोफेसर कॉलोनी से ढांड रोड, ऋषि नगर, नेहरू गार्डन कॉलोनी, जाट स्कूल, करनाल रोड, पिहोवा चौक व सर छोटूराम चौक से होकर वापस आरकेएसडी कॉलेज में पहुंचा और वहीं पर संचलन को संपन्न किया गया।
इस कार्यक्रम के लिए जिले के विभिन्न गांवों से 190 स्वयंसेवकों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 160 स्वयं सेवकों का चयन किया गया। संचलन से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में बतौर कार्यक्रम में वक्ता संघ के कुरुक्षेत्र विभाग के सह विभाग कार्यवाह प्रीतम सिंह ने बताया दो दिन बाद अर्थात विजयदशमी के दिन संघ का जन्मदिन है। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 94 वर्ष पहले 1925 में संघ की स्थापना की। संघ की स्थापना समाज को संगठित करने के महान लक्ष्य के साथ शुरू किया।
जिला संघ चालक राजेश सर्राफ ने बताया कि संचलन में स्वयंसेवकों को मुख्य रूप से अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा गणवेश निरीक्षण, संचलन अभ्यास, संचलन प्रतियोगिता, उद्बोधन व प्रार्थना को इसमें शामिल किया गया। इसमें जिलेभर के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग कार्यवाह प्रीतम सिंह ने बताया कि पथ संचलन पूरे जिले का गुणवता संचलन कार्यक्रम है। इसमें 13 से 50 वर्ष की आयु के स्वयसेवकों का संचलन करवाया गया।