पूर्व सांसद सैनी ने किया भाजपा पर कटाक्ष, विज बोले हर ऐरे-गेरे की बात का नहीं देते जवाब
04 कैथल पत्रकारों से बाताीत करते स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज। जागरण
सुनील जांगड़ा, कैथल : अपने बयानों के कारण हमेशा विवादों में रहने वाले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पूर्व सांसद राजकुमार सैनी को ऐरा-गेरा कह दिया। राजकुमार सैनी शुक्रवार सुबह अपने जन जागरण अभियान के तहत कैथल पहुंचे हुए थे। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि भाजपा इनेलो के डेड बॉडी जैसे विधायकों को अपने साथ मिला रही है। इस बयान पर पत्रकारों ने जिला सचिवालय में मंत्री विज से बात की तो उन्होंने कहा कि किसी ऐरे गेरे की बात का जवाब हम नहीं दिया करते। सरकार के खिलाफ बोलने का अधिकार उनका होता है, जिनका कोई आधार हो। राजकुमार सैनी का तो कोई आधार ही नहीं है।
जजपा की कोई हैसियत नहीं
जननायक जनता पार्टी (जजपा) वाले युवाओं को नौकरी देने की बात करते हैं और चुनावों में दो हजार से ऊपर वोट नहीं ले सके। जजपा की हैसियत ही कुछ नहीं है। वे पहले अपनी पार्टी को ही संभाल लें बाकि का बाद में देखें। भाजपा ने काम किया है और काम आगे भी जारी रहेगा। काम के दम पर ही विस चुनावों में भी जीत पक्की है।
सपना चौधरी का भाजपा में स्वागत
मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है। सपना चौधरी का भाजपा में स्वागत है। एसवाइएल पर बोलते हुए कहा कि कोर्ट अपना फैसला सुना चुकी है। कोर्ट ने इस मामले को आपस में बैठ कर सुलझाने को कहा है। पंजाब के सीएम कोर्ट से बड़े नहीं है। नगर परिषद व नपा अध्यक्ष का चुनाव सीधे करवाने की बात पर कहा कि अभी यह लागू नहीं किया गया है। इसके हर पहलू की जांच की जा रही है और उसके बाद ही इसे लागू किया जाएगा।