रेल मंत्रालय ने इंटरसिटी गाड़ी का समय बदला
रेलयात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि रेल मंत्रालय ने 24 अप्रैल से इंटरसिटी गाड़ी का समय बदलने का निर्णय लिया है।
जासं, कैथल : रेलयात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि रेल मंत्रालय ने 24 अप्रैल से इंटरसिटी गाड़ी का समय बदलने का निर्णय लिया है। इसके तहत गाड़ी नंबर 19717 व 19718 का समय बदला गया है। उन्होंने बताया कि जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली गाड़ी शाम को साढ़े सात बजे चलेगी। बालाजी धाम बांदीकुई से कैथल, अंबाला व चंडीगढ़ के लिए यात्री चढ़ते व उतरते हैं। वहां से आठ बजकर 47 मिनट पर गाड़ी चलेगी। कैथल सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुक कर रवाना होगी और सुबह सात बजकर 10 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसी प्रकार 19718 चंडीगढ़ से छह बजकर 50 मिनट पर चलेगी और रात को नौ बजकर 36 मिनट पर कैथल पहुंचेगी। जयपुर सुबह छह बजकर 45 मिनट पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इससे बालाजी धाम के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।