हरियाणा: 100 साल पुराने बरगद का कातिल बना PWD, छुट्टी वाले दिन काटकर 9 ट्रॉली लकड़ी लगाई ठिकाने; चौकीदार पर फोड़ा ठीकरा
गुहला-चीका में PWD कर्मचारियों ने 100 साल पुराने बरगद के पेड़ को अवैध रूप से काट डाला, जिसकी 9 ट्रॉली लकड़ी ठिकाने लगा दी गईं।

लकड़ियां ले जाता ट्रैक्टर (जागरण फोटो)
HighLights
PWD ने गुहला-चीका में 100 साल पुराना बरगद काटा
9 ट्रॉली लकड़ी हटाई, 10वीं ट्रॉली पकड़ी गई
विभाग ने चौकीदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी
रामकुमार मित्तल, गुहला-चीका। एक ओर सरकार प्राणवायु देवता योजना के तहत उम्रदराज पेड़ों को पेंशन देकर उनकी विरासत सहेजने का प्रयास कर रही है, दूसरी ओर गुहला में पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी ही अपने कार्यालय के के निकट इस विरासत के संरक्षण के बजाय इसके कातिल बन गए।
पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास खड़े करीब 100 वर्ष पुराने विशाल बरगद पर आरा चलाकर नौ ट्राली लकड़ी ठिकाने लगा दी गई। श्मशान घाट में लकड़ियां भेजने की आड़ में चल रहे कटाई के खेल का पर्दाफाश दसवीं ट्रॉली पकड़े जाने पर हुआ।
लोगों की सतर्कता से विरासत का यह विशाल पेड़ पूरी तरह उजड़ने से बच गया। विभाग ने अपने ही चौकीदार के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। अब यहां सिर्फ चार-पांच फीट का ठूंठ खड़ा है।
हैरानी की बात यह है कि जिस पेड़ को आने वाली पीढिय़ों के लिए बचाकर रखने की जरूरत थी, उसे काटने का काम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पीडब्ल्यूडी विभाग के ही कुछ कर्मचारियों ने शुरू कर दिया।
कई पीढ़ियों को छाया देता रहा वृक्ष
आसपास रहने वाले लोगों की सतर्कता से मामला उजागर हो गया। गुहला में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास खड़ा यह विशाल बरगद का पेड़ कई पीढ़ियों से लोगों को छाया देता आ रहा है। पेड़ इतना विशालकाय था कि इसकी कटाई करके लकड़ी से भरी नौ ट्रालियां वहां से निकाल दी गईं और उन्हें कहीं पहुंचा दिया गया।
जब 10वीं ट्राली में लकड़ी भरकर ले जाई जा रही थी, तो आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक लग गई। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कटाई का यह काम रविवार को अवकाश के दिन किया गया।
इतना ही नहीं बरगद के पेड़ के पास खड़े कई अन्य छोटे-छोटे हरे-भरे पौधों व पेड़ों को भी काट दिया गया है। मामले में लीपापोती करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने पेड़ को गैरकानूनी तरीके से काटे जाने की अपने ही चौकीदार जसवंत सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने बरगद के पेड़ से काटी गई लकड़ी से भरी ट्राली को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
श्मशान में लकड़ियां दान की आड़ में खेला खेल
मामले को अंजाम देने वाले लोगों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बेहतरीन शातिर अंदाज चुना। एक ट्राली स्थानीय श्मशान घाट में भेज दी, ताकि यदि कोई पूछे या पकड़ हो तो यह कहकर छूटा जा सकता है कि वह तो समाजसेवा का कार्य कर रहे।
हुआ भी यूं ही, जब लोगों ने शोर मचाया तो बरगद के पेड़ को कटवा रहे कुछ लोगों द्वारा एक श्मशान घाट में रहने वाले एक व्यक्ति को मौके पर लाकर बयान दिलवा दिए कि यह लकडिय़ां तो श्मशान घाट में दानस्वरूप ले जाई जा रही हैं।
परंतु जब लोगों ने उससे यह पूछा कि क्या उक्त पेड़ काटने की किसी के पास कोई मंजूरी है, तो कोई जवाब नहीं मिला। शातिरों को पता है कि दान की गई वस्तु का केस दर्ज नहीं होता।
चौकीदार के खिलाफ दी पुलिस में शिकायत: एसडीओ
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ राम मेहर शर्मा ने बताया कि बरगद के पेड़ को अवैध तरीके से काटे जाने के मामले में उन्होंने चौकीदार जसवंत सिंह के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच की जा रही: शिवकुमार
गुहला पुलिस थाने के एसएचओ शिवकुमार सैनी ने बताया कि विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी। जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ राममेहर शर्मा की तरफ से शिकायत आई है। जांच की जा रही है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई: भूपेंद्र सिंह
जिला वन अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बिना अनुमति से कोई पेड़ नहीं काटा जा सकता है। वह बुधवार को इस मामले की पूरी जानकारी लेंगे और कार्रवाई करेंगे।
मौके पर जाऊंगा: मनीष
गुहला के एसडीएम मनीष कुमार यादव ने बताया कि बुधवार को पीडब्ल्यूडी के कार्यालय जाकर मौका देखूंगा। पूरे मामले की जांच कराने के बाद दोषियों पर कार्रवाई कराई जाएगी।
घर में खड़ा पेड़ भी नहीं काट सकते
पिछले दिनों हरियाणा सरकार ने एनजीटी में शपथपत्र देकर कहा था कि कोई भी व्यक्ति अपने घर में खड़ा पेड़ भी नहीं काट सकते। ऐसे करने पर 10 हजार रुपये जुर्माना का प्रविधान किया गया है।
यहां तो सरकारी कर्मचारियों ने ही विशालकाय पेड़ को काट डाला। बड़ा सवाल यह है कि अवकाश के दिन रविवार को ही पेड़ काटने के लिए क्यों चुना गया? सिर्फ चौकीदार की शिकायत करके बड़े अधिकारियों को बचाया जा रहा है। सरकार नई नीति बना रही है। इसके तहत 30 सेंमी. या इससे अधिक मोटी शाखाओं को काटना भी पेड़ काटने की श्रेणी में आएगा। यहां तो चार-पांच फीट छोड़ पूरा पेड़ ही गायब कर दिया गया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।