कैथल में स्पेन भेजने के नाम पर 17.20 लाख रुपये ठगे, पुलिसकर्मी समेत दो पर केस दर्ज
सीवन थाना पुलिस ने स्पेन भेजने के नाम पर 17.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में एक पुलिस कर्मचारी और एक ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

स्पेन भेजने के नाम पर 17 लाख की ठगी।
HighLights
स्पेन भेजने के नाम पर 17.20 लाख की धोखाधड़ी।
पुलिस कर्मचारी और ट्रैवल एजेंट पर केस दर्ज।
नौ महीने के वर्क परमिट का झांसा, 25 दिन का वीजा।
जागरण संवाददाता, कैथल। स्पेन भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सीवन थाना पुलिस ने पुलिस विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी समेत दो लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
आरोपितों पर विदेश भेजने का झांसा देकर 17 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्धारित वर्क परमिट के बजाय 25 दिन का वीजा लगवाकर कतर के रास्ते विदेश भेजने का आरोप है।
गांव कांगथली निवासी पवन कुमार की शिकायत पर ट्रेवल एजेंट सुखपाल सिंह और कांगथली निवासी पुलिस कर्मचारी धर्मा राम उर्फ धर्मपाल के विरुद्ध सीवन थाना में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया कि धर्मपाल पुलिस विभाग में कार्यरत है। वह अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लोगों को झांसे में लेने में सुखपाल का साथ देता था। उसके मामा ने भी आरोपितों से मिलकर उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया था।
आरोप लगाया कि सुखपाल ने उसे नौ महीने के वर्क परमिट पर स्पेन भेजने का आश्वासन दिया था। उसका 25 दिन का वीजा लगवाया गया। उसे कतर के रास्ते भेजा गया, जहां करीब 13 दिन रखने के बाद वीजा संबंधी दिक्कत के कारण वापस लौटना पड़ा। सुखपाल ने उससे कुल 17.20 लाख रुपये लिए।
इसमें 15.70 लाख रुपये और एक लाख 50 हजार रुपये के यूरो शामिल थे। इसके अलावा 70 हजार रुपये रिश्तेदार के माध्यम से गूगल पे से देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
आठ दिसंबर 2025 को धर्मपाल उसके घर आया था और फिंगर लगवाने की बात कहकर डेढ़ लाख रुपये लेकर गया था। आडियो, वीडियो और भुगतान संबंधी साक्ष्य पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपे हैं। सीवन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एसआइ सतीश को सौंप दी है।