गर्मी से लोग बेहाल, मिट्टी के घड़ों की बिक्री बढ़ी
गर्मी का मौसम लोगों को लगातार परेशान कर रहा है। बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में ही कैद रहने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल: अब गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। दो दिनों से लोगों को गर्मी बेहाल करने लगी है। मौसम के बदलते ही बाजार में मिट्टी के घड़ों की बिक्री शुरू हो गई। इससे लॉकडाउन के बीच कुम्हारों को कुछ आय होने लगी है। दोपहर में बाजार निकले लोगों ने गर्मी से बचने के लिए गमछा, टोपी, दुपट्टा आदि का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। वहीं कुछ लोग आवश्यक काम न होने पर घर से बाहर ही नहीं निकल रहे।
पिछले दिनों लगातार बरसात के बाद मौसम में तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। लेकिन अब अचानक गर्मी बढ़ने लगी है। तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तापमान बढ़ने पर गर्मी का अहसास होने लगा है। अब घरों व कार्यालयों में लोग बिजली के पंखे का सहारा लेने लगे हैं। दिन के समय तेज धूप खिलने से पसीने भी छूटने लगे हैं। मौसम में नमी बढ़ने पर मच्छरों की भरमार हो गई है। लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
अगले दिनों में ओर गर्मी बढ़ने के आसार
कृषि महाविद्यालय के प्रिसिपल एवं मौसम,कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि लू चलनी सक्रिय हो गई है, अगले दो दिनों तक गर्मी बढ़ने के पूरे आसार है। इस समय होने वाली तेज गर्मी से सब्जी की फसल लोकी, तोरी को नुकसान हो सकता है। वर्मा ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।
डाक्टर मिनाक्षी ने बताया कि गर्मी बढ़ने से तापमान में वृद्धि हुई है। बाहर निकलते समय होने से बीमारियां बढ़ सकती है। बीमारियों से बचने के लिए घर से बाहर निकलते समय सिर पर गमछा, दुपट्टा व मास्क जरूर साथ रखे। क्योंकि इस बार कोरोना जैसी घातक बीमारी फैली हुई है। संक्रमित बीमारी है इससे भी घर से बाहर निकलते समय बचे। पानी का ज्यादा से ज्यादा सेवन करे। बच्चों व बूढ़ों को बाहर निकलने से रोकें। मटके का पानी का ज्यादा सेवन करें।