बॉक्सिग चैंपियनशिप में नेहा ने जीता गोल्ड
अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी नेहा यादव ने ओडीसी के भुवनेश्वर में हुई पहली खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी नेहा यादव ने ओडीसी के भुवनेश्वर में हुई पहली खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया है। प्रतियोगिता में नेहा ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की ओर से भाग लिया था। कोच गुरमीत सिंह और संदीप ने बताया कि नेहा ने यह उपलब्धि 81 प्लस भारवर्ग में हासिल की है। प्रतियोगिता 24 फरवरी से एक मार्च तक हुई थी। नेहा ने लगातार तीन मुकाबले जीत कर गोल्ड पर पंच लगाया। पहला मैच जेएनवीयू से खिलाड़ी बरबारा शैंपसन के साथ हुआ था। दूसरा मैच हिमाचल की खिलाड़ी के साथ हुआ। फाइनल में उसने केरल की खिलाड़ी अंशवारा को पराजित किया।
कोच राजेंद्र सिंह और विक्रम ढुल ने बताया कि नेहा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल हासिल कर चुकी है। साल 2019 में हुई एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य और वर्ल्ड बॉक्सिग चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल हासिल किया था। करीब 12 नेशनल स्तर के मेडल हासिल कर चुकी है।
छह साल से खेल रही बॉक्सिंग
कालू वाली गामड़ी निवासी खिलाड़ी नेहा यादव बॉक्सिग में देश का नाम रोशन कर रही हैं। छह साल पहले नेहा अपना वजन कम करने के लिए मैदान में आई थी। उस दौरान नेहा का वजन करीब 115 किलो था। भारी शरीर को पतला करने के लिए सुबह-शाम मैदान में अभ्यास करने लगी। अभ्यास के दौरान लड़कियों को बॉक्सिग खेलते हुए देखा और खेलना शुरू कर दिया। नेहा के पिता राजा राम खेती करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। मां रेखा घर की देखरेख करती है। नेहा का वजन अब 115 से 85 किलो रह गया है। मैदान में रोजाना सुबह-शाम तीन घंटे अभ्यास करती हैं।