नगरपालिका के वाइस चेयरमैन जयपाल सैनी ने दिया त्यागपत्र
15 महीने पहले वार्ड नंबर दो से चुनकर आये और बाद में नपा वाइस चेयरमैन बने जयपाल सैनी उर्फ बोबी ने शुक्रवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।
संवाद सहयोगी, पूंडरी:
15 महीने पहले वार्ड नंबर दो से चुनकर आये और बाद में नपा वाइस चेयरमैन बने जयपाल सैनी उर्फ बोबी ने शुक्रवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। हालांकि उनके इस्तीफे को विधानसभा चुनावों में खुलकर एक प्रत्याशी का समर्थन करने और अन्य राजनीतिक कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पार्षद जयपाल सैनी ने इसे गैर राजनैतिक बताते हुए निजी कारण बताया है। डीसी कैथल को वार्ड नंबर दो से पार्षद चुने गए वाइस चेयरमैन जयपाल सैनी ने पद से दिये इस्तीफे के बाद कहा कि वे अपने निजी कार्यों के चलते नपा में पूरा समय नहीं दे पा रहे थे। कमेटी के चुनाव के बाद सभी 13 पार्षदों द्वारा उन्हें सर्वसम्मति से वाइस चेयरमैन चुना गया था, लेकिन वो शहर व नपा के कार्यो के लिए पूरी तरह से समय नहीं निकाल पा रहे थे, जिसके चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देना ठीक समझते हुए यह कदम उठाया है। इसके बाद वे अपने वार्ड के लोगों की समस्याएं और विकास पहली की भांति ही करवाते रहेंगे। ठीक एक वर्ष पहले एक मार्च 2019 को नगरपालिका पूंडरी के चुने हुए पार्षदों की बैठक जिसमें पूर्व विधायक दिनेश कौशिक और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर मौजूद थे में सर्वसम्मति से संतोष खुराना को चेयरमैन व जयपाल सैनी को वाइस चेयरमैन चुना गया था। जिसके बाद अब वाइस चेयरमैन ने किसी भी प्रकार के अन्य राजनीतिक कारणों को सिरे से खारिज करते हुए अपने निजी कारणों का हवाला देते हुए डीसी के कार्यालय में जाकर उनकी गैर मौजूदगी में उनके पीए को को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।