व्यापारियों के कारोबार को बंद नहीं होने देगी सरकार : अशोक गुर्जर
नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के सम्मान में ढांड मंडी एसोसिएशन की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद सहयोगी, ढांड : नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के सम्मान में ढांड मंडी एसोसिएशन की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर मंडी प्रधान जिले सिंह पहलू व जंगशेर नंबरदार ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। मंच का संचालन लाला राम कुमार ने किया।
मंडी प्रधान जिले सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अशोक गुर्जर को दूसरी बार जिला अध्यक्ष की कमान सौंप कर ढांड का गौरव बढ़ाया है। प्रधान ने जिला अध्यक्ष के सामने मंडी आढ़तियों एवं किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा और जिला अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से मांग की है कि पुश्तों से चला आ रहा किसान व आढ़ती के रिश्ते को बरकरार रखे। हाल ही में जो तीन अध्यादेश पारित किए है, वह किसान व आढ़ती विरोधी है। उन तीनों अध्यादेशों के लागू होने से आढ़तियों को कारोबार बंद हो जाएगा और किसानों की खेती छूट जाएगी। जिससे उनके परिवारों के लिए रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने मंडी आढ़तियों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांग को सरकार के सामने रखा जाएगा। किसी भी सूरत में उनके व्यापार व किसानों की खेती को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।
इस मौके पर लाला देशराज, डा. राजेश वशिष्ट, रमेश गुर्जर, जीता बटेड़ी, नरेश घराड़सी, ईश्वर शर्मा, लाला सीता राम, गोशाला प्रधान ईश्वर सिंह, खजान सिंह भी मौजूद थे।