Haryana Sports: स्पेन में चल रही विश्व यूथ महिला बाक्सिंग स्पर्धा में लासू ने पक्का किया पदक
स्पेन में चल रही विश्व यूथ महिला बाक्सिंग स्वर्धा में लासू ने पदक पक्का कर लिया है। कैथल से कीर्ति ढुल और लासू यादव स्पर्धा में भाग ले रही हैं। दो मुकाबले जीत कर लासू क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है।
कैथल, जागरण संवाददाता। स्पेन में चल रही विश्व यूथ महिला बाक्सिंग स्पर्धा में कैथल की खिलाड़ी लासू यादव ने अपना पदक पक्का कर लिया है। अपने पहले दो मुकाबले जीत कर लासू क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। लासू ने पहले मुकाबले में पौलेंड की खिलाड़ी को 5-0 से और दूसरे मुकाबले में मैक्सिको की खिलाड़ी को 5-0 से हराया है।
लासू यादव इस स्पर्धा में 70 किलो भारवर्ग में भाग ले रही है। मंगलवार देर रात को तय होगा की लासू का सेमिफाइनल मुकाबला कब और किस देश की खिलाड़ी के साथ होगा। वहीं खिलाड़ी कीर्ति ढुल का मुकाबला मंगलवार देर रात को रोमानिया की खिलाड़ी के साथ होगा। कीर्ति 81 प्लस किलो में भाग ले रही है। अगर कीर्ति अपना मुकाबला जीत जाती है ताे वह भी अपना पदक पक्का कर लेगी और सेमिफाइनल में जगह बना लेगी।
बाक्सिंग प्रशिक्षक गुरमीत सिंह ने बताया कि लासू ने पदक पक्का कर लिया है और कीर्ति भी अपना मुकाबला जीत कर पदक पक्का करेगी। कैथल से दो खिलाड़ी ही भाग ले रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि दोनों ही पदक लेकर भारत लौटेंगी। बता दें कि दोनों खिलाड़ियों ने सितंबर में सर्बिया में हुई अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग स्पर्धा में पदक हासिल किया था। कीर्ति ने स्वर्ण और लासू ने कांस्य पदक हासिल किया था। दोनों खिलाड़ी अंबाला रोड स्थित इंडोर खेल स्टेडियम में कोच राजेंद्र सिंह, विक्रम ढुल और गुरमीत सिंह के पास अभ्यास करती हैं।
14 नवंबर से शुरू हुई थी स्पर्धा
स्पेन में 14 नवंबर से स्पर्धा शुरू हुई थी। यह स्पर्धा 26 नवंबर तक होनी है। स्पर्धा में चयन के लिए भोपाल में 28 सितंबर को खिलाड़ियों के ट्रायल लिए गए थे। सभी चयनित खिलाड़ियों ने अपने-अपने भारवर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। एक भारवर्ग में चार खिलाड़ियों ने भाग लिया था। स्पर्धा में कैथल, हिसार, भिवानी, सोनीपत, रोहतक और पंचकूला की खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई थी।