कैथल में दो भीषण सड़क हादसे: पांच बहनों के इकलौते भाई सहित दो की मौत; एक घायल
कैथल में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

दो सड़क हादसों में पांच बहनों के इकलौते भाई सहित दो की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
प्योदा रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
चंदलाना के पास टेंपो ने बाइक को टक्कर मारी, एक की मौत
मृतकों में पांच बहनों का इकलौता भाई संजीव कुमार शामिल
जागरण संवाददाता, कैथल। दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। पहला हादसा प्योदा रोड पर हुआ।
यहां ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गांव चंदाना निवासी कृष्ण कुमार (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में गांव संगरौली निवासी बिजली निगम के एएलएम संजीव कुमार (25) की जान चली गई, जबकि उसका दोस्त गुरदास घायल हो गया।
प्योदा रोड पर हुए हादसे में गांव चंदाना निवासी जोगिंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार का दोस्त कैथल शहर में दूध की डेयरी चलाता है। शुक्रवार रात कृष्ण मोटरसाइकिल पर डेयरी से घर लौट रहा था। जब वह प्योदा रोड पर पहुंचा तो आगे चल रहे ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिए। इससे उसकी बाइक ट्रक से टकरा गई।
हादसे में कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कृष्ण के परिवार में दो बेटे हैं और स्वजन खेतीबाड़ी करता है।
सिविल लाइन थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दूसरा हादसा गांव चंदलाना के पास हुआ। गांव संगरौली निवासी संजीव कुमार बिजली निगम में एएलएम था और पूंडरी क्षेत्र में उसकी ड्यूटी थी।
उसका दोस्त गुरदास हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल है और यमुनानगर में तैनात है। शुक्रवार शाम के समय दोनों बाइक पर खाना खाने के लिए ढाबे जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आए टेंपो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। डायल 112 की टीम दोनों को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने संजीव को मृत घोषित कर दिया।
गुरदास को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संजीव पांच बहनों का इकलौता भाई था। वह अपने पीछे पत्नी और दो साल की बेटी छोड़ गया है। ढांड थाना प्रभारी एसआइ बहादुर ने बताया कि घायल गुरदास की शिकायत पर टेंपो चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।