विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल पुलिस का बड़ा एक्शन: दो दिन के विशेष अभियान में 20 आरोपित गिरफ्तार, 18 मामले सुलझे

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:33 PM (GMT+05:30)

कैथल पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अपराधों पर नकेल कसी। इस दौरान अवैध शराब, हथियार, सट्टा और नशा तस्करी सहित 18 मामलों में 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन (जागरण फोटो)

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन (जागरण फोटो)

HighLights

  1. दो दिवसीय अभियान में 18 आपराधिक मामलों का खुलासा

  2. अवैध शराब, हथियार, सट्टा, नशा तस्करी के आरोपित पकड़े

  3. मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगने के बाद काबू किया

जागरण संवाददाता, कैथल। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार पुलिस की तरफ से अपराध एवं अपराधियों पर कार्रवाई करने के लिए दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अवैध शराब तस्करी, अवैध हथियार रखने, सट्टा खाईवाली और नशा तस्करी के विरुद्ध 18 अलग-अलग मामलों में 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया।

इसमें एंटी एक्सटार्शन सेल की टीम ने खेल कोच पर जानलेवा हमला करने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान काबू कर लिया।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एंटी एक्सटार्शन सेल प्रभारी एएसआइ तरसेम की अगुवाई में पुलिस टीम ने खेल कोच पर जानलेवा हमला करने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान काबू किया।

दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। अवैध शराब बनाने और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नौ मामलों में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों से 539 बोतल अवैध शराब, जिसमें देसी, अंग्रेजी और हथकढ़ी शराब शामिल है। 160 लीटर लाहन बरामद किया।

कलायत थाना पुलिस ने आरोपित कलायत निवासी रवि कुमार को सट्टा खाईवाली करते हुए काबू किया। उससे 2240 रुपये सट्टा राशि बरामद हुई। अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध आपरेशन हथियार के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सीआइए-वन की टीमों ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

आरोपितों की पहचान सिसला निवासी रविपाल उर्फ धौला, बाबा लदाना निवासी कृष्ण उर्फ कालू और नरवलगढ़ निवासी जसबीर उर्फ जस्सी के रूप में हुई।

नशा तस्करी के चार मामलों में सप्लायर सहित पांच आरोपित गिरफ्तार

नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल और सीआइए-वन की टीमों ने चार अलग-अलग मामलों में सप्लायर सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।

आरोपितों से 54.07 ग्राम आइस नाम का नशीला पदार्थ और 31.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में क्योड़क निवासी रजत कुमार उर्फ अज्जु, बात्ता निवासी लखन उर्फ गगन, चमेला कालोनी निवासी अनिल उर्फ लीला, जुलानी खेड़ा निवासी मोहित कुमार और गांव पाई निवासी सचिन उर्फ सोनू शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान लखन उर्फ गगन ने जानकारी दी कि उसे नशीला पदार्थ अनिल उर्फ लीला उपलब्ध करवाता था। पुलिस ने सप्लायर अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया। मोहित से 54.07 ग्राम आइस और 8.15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। नशा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।