विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CIA समेत 7 टीमें खाक छानती रहीं, हत्यारोपित एडवोकेट ने रिवॉल्वर संग कोर्ट में किया सरेंडर

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:27 PM (IST)

कैथल के गांव जाजनपुर में राजीव हत्याकांड के आरोपित एडवोकेट वीरेंद्र ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर लिया है।

सीआईए समेत 7 टीमें करती रहीं तलाश, हत्यारोपित का अदालत में आत्मसमर्पण।

सीआईए समेत 7 टीमें करती रहीं तलाश, हत्यारोपित का अदालत में आत्मसमर्पण।

HighLights

  1. हत्यारोपित एडवोकेट वीरेंद्र ने कैथल अदालत में किया आत्मसमर्पण।

  2. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को एक दिन की रिमांड पर लिया।

  3. मृतक राजीव के शरीर से मिलीं तीन गोलियां, परिजन थे नाराज।

जागरण संवाददाता, कैथल। गांव जाजनपुर में राजीव के हत्यारोपित एडवोकेट ने सोमवार को दोपहर ढाई बजे न्यायाधीश माधव मित्तल की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उससे करीब दो घंटे तक पूछताछ की।

पूछताछ के बाद शाम करीब छह बजे उसे अदालत में दोबारा पेश किया। वहां से उसे मंगलवार शाम चार बजे तक रिमांड पर लिया गया है। आरोपित विरेंद्र को पकड़ने के लिए सभी सीआईए सहित पुलिस की सात टीमें तलाश में लगी रही, लेकिन टीमें आरोपित को पकड़ नहीं पाई।

रिमांड के दौरान आरोपित से बाइक और कपड़े सहित अन्य सामान बरामद किया जाएगा। इसके अलावा आत्मसमर्पण करते समय आरोपित अपने साथ रिवाल्वर भी लेकर आया था।

आरोपित के पक्ष में कई वकील पेश हुए थे। उन्होंने प्रयास किया कि आरोपित को जेल भेज दिया जाए, लेकिन अदालत ने उसे एक दिन का रिमांड मंजूर कर दिया। हत्या करने के बाद बाद आरोपित बाइक पर कुरुक्षेत्र गया था।

शरीर में मिलीं तीन गोलियां, दो आर-पार हो गईं

उधर, सोमवार को दो डॉक्टरों के बोर्ड ने राजीव के शव का पोस्टमार्टम किया। राजीव के शरीर में तीन गोलियां मिलीं। दो गोलियां आरपार हो गई थी। सिर से एक गोली, एक गोली मुंह से और एक गोली रीढ़ में मिली। दो गोलियां दोनों हाथों के आरपार हो गई। शरीर में मिली तीनों गोलियों और कपड़ों को सील कर दिया गया है।

एनकाउंटर पर अड़े रहे स्वजन

सोमवार दोपहर को करीब दो बजे पोस्टमार्टम के बाद स्वजन ने शव लेने से मना कर दिया। मौके पर मौजूद तीन डीएसपी हरदीप सिंह, सुशील प्रकाश और रोहताश कुमार ने स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

स्वजन आरोपित विरेंद्र के एनकाउंटर या गिरफ्तारी की मांग करते रहे। दोपहर करीब सवा दो बजे स्वजन सचिवालय में एसपी से मिलने पहुंचे और एसपी के आश्वासन पर शव लेकर गांव चले गए। गांव में जाने के बाद स्वजन ने कुछ देर के लिए जाम भी लगाया। हालांकि शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।