विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल के कांगथली गांव में BPL परिवारों को नहीं मिल रहे 100-100 गज के प्लॉट, 15 साल से कर रहे इंतजार

Published: Mon, 16 Nov 2026 01:35 PM (IST)

कैथल के कांगथली गांव में बीपीएल परिवारों को 2011 में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों का कब्जा और रजिस्ट्री 15 ...और पढ़ें

बीपीएल परिवारों को 2011 में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों का कब्जा (फाइल फोटो)

बीपीएल परिवारों को 2011 में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों का कब्जा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कांगथली के बीपीएल परिवारों को 15 साल से प्लॉट नहीं

  2. 114 में से केवल 60 प्लॉटों की ही रजिस्ट्री हुई

  3. ग्रामीणों ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर न्याय की मांग की

 

जागरण संवाददाता, कैथल। गांव कांगथली में बीपीएल परिवारों को सरकार की ओर से आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों का कब्जा व रजिस्ट्री नहीं मिलने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।

करीब 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी अनेक परिवार अपने प्लॉटों पर मालिकाना हक मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष कई बार समस्या रखने और समाधान शिविरों में शिकायत देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने गांव की अन्य समस्याओं को लेकर भी प्रशासन से नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि गांव में पेयजल की पाइपलाइन बिछाने की जरूरत है। इसके अलावा गांव में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारखाना जर्जर हालत में है और वहां पटवारी भी नियमित रूप से नहीं बैठते। पटवारखाने के पास अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपाल भी खंडहर हालत में पड़ी है। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में बीडीओ सुशांत को अवगत करवाया गया था। उन्होंने पंचायत सचिव को कार्रवाई के निर्देश भी दिए, लेकिन अभी तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। बता दें कि गांव कांगथली में 2200 मतदाता हैं और पांच हजार के करीब आबादी है।

वर्ष 2011 में आवंटित किए गए थे प्लॉट: सोनी कुमार

रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया के जिला प्रधान एवं समाजसेवी सोनी कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से वर्ष 2011 में गांव कांगथली के बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के करीब 114 प्लॉट आवंटित किए गए थे। इनमें से लगभग 60 प्लॉटों की ही रजिस्ट्री हो पाई है, जबकि शेष परिवारों को आज तक न तो रजिस्ट्री मिली है और न ही प्लॉटों का कब्जा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अपना घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवाना था, लेकिन इतने वर्षों बाद भी अनेक परिवार इस सुविधा से वंचित हैं।

अब ग्रामीणों ने अपनी समस्या को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र भेजकर न्याय दिलाने की मांग की थी। ग्रामीण रामकिशन, मनीष, शेर सिंह, अमर सिंह, गुरमीत सिंह, जरनैल सिंह और ओम प्रकाश सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन पात्र परिवारों की रजिस्ट्री बाकी है, उनकी रजिस्ट्री करवाई जाए और उन्हें मौके पर कब्जा दिलाया जाए, ताकि वे अपने परिवार के लिए मकान बना सकें।

वर्षों से अपने हक का इंतजार कर रहे ग्रामीण: रामकिशन

ग्रामीण रामकिशन ने कहा कि सरकार की ओर से गरीब परिवारों को छत उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्लॉट आवंटित किए गए थे, लेकिन इतने साल बीतने के बाद भी उन्हें प्लॉटों का कब्जा नहीं मिला है। गरीब परिवारों के लिए अपना मकान बनाना बड़ी जरूरत है।

मकान बनाने की उम्मीद आज तक पूरी नहीं हुई: मनीष कुमार

ग्रामीण मनीष कुमार ने कहा कि वर्ष 2011 में प्लॉट आवंटित होने के बाद परिवारों को उम्मीद जगी थी कि अब उनका अपना मकान होगा, लेकिन आज तक कई परिवारों को जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। अधिकारियों के पास बार-बार जाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ है।

प्लॉट मिलने की आस में बीत रहे वर्ष: नंदो देवी

ग्रामीण महिला नंदो देवी ने बताया कि गरीब परिवारों को अपना घर बनाने के लिए प्लॉट आवंटित किए गए थे, लेकिन इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें अपने प्लॉट का कब्जा नहीं मिला है। परिवार को उम्मीद थी कि सरकार की योजना से उन्हें अपना मकान बनाने का अवसर मिलेगा, लेकिन आज भी वे इंतजार कर रहे हैं।

रजिस्ट्री और कब्जा दिलाने की मांग: सुरजीत

ग्रामीण सुरजीत ने बताया कि प्लॉट आवंटित होने के बावजूद कई परिवारों को आज तक उनका मालिकाना हक नहीं मिला है। गरीब परिवारों के लिए जमीन का इंतजार करना बेहद परेशानी भरा है। प्रशासन को सभी पात्र परिवारों की रजिस्ट्री करवाकर उन्हें प्लॉटों का कब्जा दिलाना चाहिए, ताकि वे अपने मकान बना सकें।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।