कांग्रेस के हाथों में खेल रही है जजपा : अभय चौटाला
इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने आरोप लगाया है कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) कांग्रेस के हाथों में खेल रही है। यह अपने उम्मीदवार के लिए वोट ना मांग कर कांग्रेस के लिए वोट मांगते हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल :
इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने आरोप लगाया है कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) कांग्रेस के हाथों में खेल रही है। यह अपने उम्मीदवार के लिए वोट ना मांग कर कांग्रेस के लिए वोट मांगते हैं।
कोयल पयर्टन केंद्र में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरियाणा में दो रैलियां की। वह उन दो जगह पर ही रैली की जहां पर उनको लगता है कि उनके उम्मीदवार कमजोर है और जीत नहीं सकते। जिन दोनों सीटों पर नरेंद्र मोदी ने रैली की उन दोनों सीटों पर इनेलो मजबूत है और यहां से जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग बोलते हैं कि इनेलो पार्टी का अस्तित्व खत्म हो गया है जो कि गलत है। अगर इनेलो पार्टी का अस्तित्व खत्म हो गया है तो विरोधी दल उसको अपनी जुबान पर क्यों लेकर आते हैं। पार्टी के अंदर कुछ खास है और नंबर वन है तभी विरोधी उसको अपनी जुबान पर लेकर आते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा के लिए कुछ नहीं किया। अगर कहीं दो युवक मर जाते हैं तो संवेदना सोशल मीडिया के तहत जाहिर करते हैं। भाजपा कार्यकाल में हरियाणा में इतने बड़े-बड़े कांड हुए, जिसमें जाट आरक्षण आंदोलन, डेरा सच्चा सौदा, रामपाल जैसे विवाद हुए, इनमें काफी लोग मारे गए।
आज के समय में हर पार्टी का कोई भी उम्मीदवार या नेता हो उसका हरियाणा में विरोध हो रहा है। केवल इनेलो ही एक ऐसी पार्टी है जिसका किसी भी नेता का कहीं भी विरोध नहीं हुआ, क्योंकि इनेलो ने हरियाणा के लिए बहुत काम किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव में कुरुक्षेत्र से राजकुमार सैनी को उम्मीदवार बनाया था। जीतने के बाद उन्होंने जात-पात का जहर घोलकर भाईचारे को खत्म करने का काम किया। भाजपा सरकार में मंत्री अनिल विज ने सिख समाज के लोगों को गालियां देकर अपमानित किया। जब पार्टियां काम ही लोगों के नहीं किए हैं तो लोग तो विरोध करेंगे ही। इसलिए भाजपा, कांग्रेस का जनाधार घट रहा है और इनेलो का बढ़ रहा है।
कांग्रेस छोड़ इनेलो में शामिल
गुहला-चीका : हरनौली गांव में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से इनेलो उम्मीदवार अर्जुन चौटाला की अगुवाई में गांवों में प्रचार अभियान के दौरान उस समय कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जब गांव हरनौली के राजेंद्रा पूनिया, सिधा, लखविद्र नम्बरदार, सुल्तान सिंह, भजन सिंह, कुलदीप ने कांग्रेस को छोड़कर इनेलो को च्वाइन किया। प्रत्याशी अर्जुन चौटाला ने कहा कि कांग्रेस छोड़ इनेलो में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का वे सम्मान करते हैं। इनेलो के सत्ता में आने के बाद इस क्षेत्र का विकास करवाया जाएगा। लोगों की समस्याओं को दूर किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप