अपने दम पर 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी इनेलो : अभय चौटाला
इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने कहा कि इस बार पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की जयंती पर सम्मान दिवस रैली का आयोजन कैथल में होगा। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा मुख्यातिथि होंगे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू मुलायम सिंह यादव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी निमंत्रण भेजा जाएगा।
जागरण संवाददाता, कैथल :
इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने कहा कि इस बार पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की जयंती पर सम्मान दिवस रैली का आयोजन कैथल में होगा। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा मुख्यातिथि होंगे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, मुलायम सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी निमंत्रण भेजा जाएगा। रैली के आयोजक पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा होंगे। चौटाला रविवार को कैथल में रामपाल माजरा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा गलत फहमी की शिकार हैं, जो कि 75 पार की बात कर रही है। इनकी गलत फहमी विधानसभा चुनावों में दूर हो जाएगी। इस सम्मान दिवस समारोह से ये साबित हो जाएगा कि जो लोग इनेलो को कमजोर समझते थे, उन्हें रोशनी नजर आएगी।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में इनेलो अपने दम पर अकेली ही चुनाव लड़ेगी। जजपा व बसपा गद्दार हैं, इसलिए इनके साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। कांग्रेस पूरी तरह से बिखर चुकी है। 90 सीटों पर इनेलो अपने उम्मीदवार उतारेगी। लोकसभा और विधानसभा चुनाव मे काफी अंतर होता है। लोकसभा चुनाव में लोग राहुल गांधी को वोट नहीं देना चाहते थे, इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प न होने के कारण भाजपा को चुना। राष्ट्रवाद भी एक मुद्दा था। अब विधानसभा चुनाव पूरी तरह से अलग हैं। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल वैसे तो कहते हैं उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म कर दिया, लेकिन मंचों पर कहते हैं अभी काफी भ्रष्टाचार हैं, जो खत्म करना है।
एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश की जनता पर भाजपा ने चढ़ा दिया, जबकि दस करोड़ रुपये कहीं भी खर्च नहीं किया। सीएम मनोहर लाल सिर्फ नालों व छोटे-मोटे कामों पर पत्थर लगाकर वाहवाही लूटने का काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष कंवर पाल करोड़ा, पारस मित्तल, रणबीर पराशर, संजीव छौत, रणबीर सिंह फौजी, राजा राम माजरा, रामदिया चावरिया, प्रदीप सिंहमार मौजूद थे।
बाक्स-
पूर्व सीएम हुड्डा कांग्रेस में ही रहेंगे
अभय सिंह ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा द्वारा 33 सदस्यीय कमेटी बनाए जाने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि एक बार पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल व पंजाब के पूर्व सीएम प्रताप सिंह कैरों कार से दिल्ली से पंजाब जा आ रहे थे तो रास्ते में एक खरगोश आगे-आगे दौड़ने लगा। कैरों ने देवीलाल से कहा कि खरगोश इधर-उधर क्यों भाग रहा है तो देवीलाल ने जवाब दिया कि यह विचलित है, कहीं नही जाएगा गाड़ी के टायर के नीचे ही आएगा। इसी तरह पूर्व सीएम हुड्डा भी विचलित हैं ये कहीं नहीं जाएगा कांग्रेस में ही रहेगा।