कैथल पासपोर्ट सेवा केंद्र पर उमड़ रही आवेदकों की भीड़, फीस बढ़ने का नहीं हुआ कोई असर
पासपोर्ट सेवाओं की फीस बढ़ने के बावजूद कैथल पासपोर्ट सेवा केंद्र में आवेदकों की भीड़ जारी है।

कैथल पासपोर्ट सेवा केंद्र पर उमड़ रही आवेदकों की भीड़ (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पासपोर्ट फीस बढ़ने के बाद भी कैथल में आवेदकों की भीड़।
कैथल पासपोर्ट केंद्र को गूगल पर मिली 5-स्टार रेटिंग।
हरियाणा में सर्वाधिक अपॉइंटमेंट कैथल पासपोर्ट सेवा केंद्र पर।
राजिंद्र तंवर, कैथल। केंद्र सरकार की तरफ से एक जुलाई से पासपोर्ट सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी की गई है, जो लागू भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पासपोर्ट बनवाने का रुझान कम नहीं हो रहा है। शुल्क बढ़ने से पहले बड़ी संख्या में लोगों ने 30 जून तक ही ऑनलाइन आवेदन कर पुराने शुल्क का लाभ उठा लिया है।
बुधवार को कैथल स्थित प्रधान डाकघर के पासपोर्ट सेवा केंद्र में सुबह से ही आवेदकों की भीड़ लगी रही और देर शाम तक अपाइंटमेंट व अन्य जानकारी लेने वालों का आना-जाना जारी रहा। भारत सरकार की नई अधिसूचना के अनुसार पासपोर्ट, तत्काल पासपोर्ट और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) सहित विभिन्न सेवाओं की फीस में वृद्धि की गई है।
हालांकि जिन आवेदकों ने 30 जून तक आनलाइन आवेदन जमा कर दिया था, उन्होंने पुरानी दरों के अनुसार ही लाभ उठा लिया, भले ही उनकी अपाइंटमेंट बाद में मिले। कैथल के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में वर्तमान में नए पासपोर्ट और री-इश्यू के आवेदन स्वीकार किए जाते हैं।
नई शुल्क व्यवस्था इस प्रकार से रहेगी
नई दरों के अनुसार सामान्य (फ्रेश) पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है। तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये, नाबालिगों के पासपोर्ट की फीस 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,750 रुपये तथा पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) की फीस 500 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये कर दी गई है।
बुधवार को शाम तक 85 के करीब लोगों ने पासपोर्ट सुविधा का लाभ उठाया। यहां रोहतक और भिवानी को छोड़कर हिसार, सिरसा, जींद, कुरुक्षेत्र तथा पंजाब के संगरूर, पातड़ा सहित आसपास के कई जिलों से भी लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए कैथल आते हैं। वर्तमान में यहां आने वाले लगभग 20 प्रतिशत आवेदक कैथल जिले के हैं, जबकि 80 प्रतिशत अन्य जिलों और पड़ोसी क्षेत्रों से पहुंचते हैं।
पहले यहां एक सप्ताह के भीतर अपॉइंटमेंट मिल जाती थी, लेकिन शुल्क वृद्धि की घोषणा के बाद आवेदन अचानक बढ़ गए हैं। अब पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपाइंटमेंट के लिए करीब दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है और वर्तमान में अक्टूबर माह की तिथियां मिल रही हैं।
कैथल पासपोर्ट सेवा केंद्र में प्रतिदिन लगभग 90 अपाइंटमेंट होती हैं, जिनमें करीब 10 पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) की होती हैं। उनका दावा है कि वर्तमान में पूरे हरियाणा में सबसे अधिक पासपोर्ट अपाइंटमेंट कैथल केंद्र पर हो रही हैं।
घर बैठे स्वयं भी कर सकते हैं आवेदन
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में आवेदक स्वयं भी घर बैठे आनलाइन पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होते हैं। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से आवेदन कराने पर अतिरिक्त सेवा शुल्क देना पड़ सकता है, जबकि स्वयं आवेदन करने पर यह खर्च बचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि आवेदक डिजिलाकर के माध्यम से उपलब्ध मूल दस्तावेज अपलोड करते हैं तो वे निर्धारित नियमों के अनुसार मान्य होंगे। आवेदन करते समय सभी दस्तावेज स्पष्ट और सही तरीके से अपलोड करना आवश्यक है ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
हरियाणा में सबसे अधिक अपॉइंटमेंट कैथल में
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर एवं पूर्व सेना अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि देश सेवा के बाद उन्होंने जुलाई वर्ष 2024 में कैथल में कार्यभार संभालने के बाद स्टाफ के सहयोग से पासपोर्ट सेवा केंद्र की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किया।
केंद्र में आवेदकों के लिए बैठने की सुविधा, शेड, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा है। एक जुलाई से पासपोर्ट सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी लागू होने के बाद भी लोगों में पासपोर्ट बनवाने का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण गूगल पर कैथल केंद्र को 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। पिछले एक वर्ष में कैथल केंद्र से लगभग 18 हजार पासपोर्ट जारी किए गए हैं, जबकि केवल जून माह में ही 1,760 पासपोर्ट बनाए गए। यही कारण है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोग भी पासपोर्ट बनवाने के लिए कैथल केंद्र को प्राथमिकता दे रहे हैं।
