पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर हड़पे 5.50 लाख रुपये, केस दर्ज
हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 5.50 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 5.50 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में नागल गांव के राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि 23 मार्च 2016 को वे अपने घर पर था। इसी दौरान गांव का ही डॉ. अमरीक सिंह उसके घर पर आया। कहने लगा कि उसकी पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारियों के साथ अच्छे संबंध है, वे उसे हरियाणा पुलिस में सिपाही की नौकरी पर लगवा देगा, इसके लिए आरोपित ने उससे 5 लाख 50 हजार रुपये मांगे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वे आरोपित की बातों में आ गया। 4 अप्रैल 2016 को आरोपित ने उसे जवाहर पार्क कैथल में पैसे लेकर बुलवाया। उसके पास घर पर 2 लाख रुपये थे, बाकि 3,50 लाख रुपये उसके चाचा रमेश चन्द निवासी पाडला ने पंजाब व सिन्ध बैंक कैथल से अपने खाता से निकलवाए। फिर वे व उसका चाचा उक्त रकम लेकर आरोपित के पास पहुंचे। आरोप लगाया कि दोनों ने आरोपित को पैसे दे दिए, इसके बाद आरोपित कहने लगा कि लिस्ट में नाम आ जाएगा, लेकिन जब लिस्ट चस्पा हुई तो उसका नाम नहीं आया। आरोपित से संपर्क किया तो कहने लगा कि अभी एक और लिस्ट आनी है। इसमें नाम आ जाएगा, जो अभी तक उसे बहकाने में लगा हुआ है। इसके बाद उसने आरोपित से पैसे मांगे तो देने से इंकार कर दिया, यहां तक की जान से मारने की धमकी दी।
मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
वर्जन : आरोपित के खिलाफ केस दर्ज
मामले के जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित डॉ. अमरीक सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर जांच की जा रही है।