अर्जुन चौटाला के पक्ष में वोट मांगने को उतरा पूरा परिवार
कुरूक्षेत्र से मैदान में उतरे बेटे अर्जुन चौटाला के लिए पिता अभय चौटाला मां कांता व चाची सुनैना ने विभिन्न गांव व शहर का दौरा कर वोट मांगे।
जागरण संवाददाता, कैथल : कुरूक्षेत्र से मैदान में उतरे बेटे अर्जुन चौटाला के लिए पिता अभय चौटाला, मां कांता व चाची सुनैना ने विभिन्न गांव व शहर का दौरा कर वोट मांगे। इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने कहा कि कुरुक्षेत्र से अर्जुन चौटाला कार्यकर्ताओं के दम पर जीत का परचम लहराएंगे। कार्यकर्ता दिन रात कड़ी मेहनत कर घर-घर जाकर एक-एक मतदाता से इनेलो के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे है। 10 मई को कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में आयोजित रैली में भारी भीड़ उमड़ेगी जो प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का शंखनाद होगा। अर्जुन चौटाला रिकार्ड मतों से जीतने के साथ संसद में संसदीय क्षेत्र की जनता की आवाज बनेंगे। चौटाला ने कहा कि भाजपाई हाथों से सत्ता की चाबी जाते देख राष्ट्र को खतरा बता रहे है, जबकि हकीकत यह है कि मोदी भाजपा की डूब रही नैया को देखकर राष्ट्र को खतरा बताकर जनता को भ्रमित कर रहे है।
पिछले 72 वर्षों से राष्ट्र को कोई खतरा नहीं हुआ है तो अब क्या खतरा होगा। भाजपाई राष्ट्र के नाम पर मतदाताओं को गुमराह कर रहे है और अपनी संभावित हार को भांपकर ऐसे ओछे हथकंडे अपना रहे है। भाजपा के राज करने के दिन हवा हो चुके है। भाजपा नेता धर्म, जाति, मजहब के नाम पर देश को तोड़ने का काम कर रहे है। किसानों को न समर्थन मूल्य मिला और न स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू हुई। व्यापारियों, कर्मचारियों, उद्योगपतियों, युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे। जीएसटी, नोटबंदी, नौकरी बंदी जैसी नीतियों के कारण आज पूरा देश सड़क पर है। आरक्षण की आग में भाजपा ने प्रदेश को जला दिया। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा भी साथ थे।
बाक्स
मां ने डोर टू डोर मांगे वोट
इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला की मां कांता चौटाला ने अपने बेटे के लिए हलके के गांव बुढ़ा खेड़ा में डोर टू डोर मांगे और गांव बाबालदाना, मानस, माघोमाजरी, पट्टी कौथ व कैथल शहर में विभिन्न स्थानों पर हर वर्ग के लोगों ने अपने बेटे अर्जुन चौटाला के पक्ष में वोट की अपील की। कांता चौटाला ने कहा कि अर्जुन थारा बेटा सै और इसकी जीत थम सबकी जीत होगी। थारा बेटा थारे भरोसे से और थारे हवाले से है। संसदीय क्षेत्र की जनता से इनेलो परिवार का शुरू से ही दिलों का रिश्ता रहा है और जीवन भर रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप