दशहरा पर्व पर सेक्टर 19 में होगा 21 फीट का रावण का दहन
कोरोना महामारी के कारण इस बार रामलीला मंचन का आयोजन नहीं हो पाया। इसके साथ ही चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में रावण के पुतले का दहन भी नहीं होगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : कोरोना महामारी के कारण इस बार रामलीला मंचन का आयोजन नहीं हो पाया। इसके साथ ही चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में रावण के पुतले का दहन भी नहीं होगा। इस बार दशहरा पर्व पर केवल हुडा सेक्टर 19 में 21 फीट का रावण का पुतला जलाया जाएगा। बता दें कि कैथल दशहरा उत्सव समिति की ओर दशहरा पर्व पर भव्य आयोजन किया गया था, लेकिन इस बार कोरोना के कारण बड़े आयोजन की मंजूरी जिला प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है। जिसके चलते परंपरा का निर्वहन करते हुए 21 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते इस बार न तो रामलीला हुई और न ही जागरण हो रहे हैं। इसके बावजूद सदियों से चली आ रही परंपरा को बचाए रखने के लिए, बुराई पर अच्छाई की जीत को कायम रखने के लिए हुडा सेक्टर 19 पार्ट- 2 में समिति की ओर से 21 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कोरोना महामारी को देखते हुए रावण दहन का कार्यक्रम छोटा रखा गया है ताकि कम लोग आएं। जो भी लोग पहुंचेंगे, वह रावण दहन का नजारा दूर खड़े होकर ही देख सकते हैं। विजय दशमी की सुबह ही रावण को हुडा ग्राउंड में ले जाकर रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को ही उन्हें रावण का पुतला बनाने के लिए प्रशासन से अनुमति मिल गई थी।
पहले होगा पूजन :
दशहरा पूजन के साथ इस बार रावण दहन से पहले राम व लक्ष्मण का पूजन भी किया जाएगा। अभिषेक गोयल ने बताया कि छोटे बच्चों को राम व लक्ष्मण बनाकर उनका पूजन किया जाएगा और एक छोटा सा युद्ध दिखाया जाएगा। उसके बाद ही रावण का दहन किया जाएगा। जो बच्चे राम व लक्ष्मण बनेंगे। उनके हाथों से ही रावण का दहन करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे का मन बिल्कुल साफ होता है। उसके मन में किसी प्रकार का द्वेष नहीं होता। इसी का ध्यान में रखकर छोटे बच्चे के हाथों से ही रावण का दहन किया जाएगा।