विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, झपकी आने से पलटा ट्रक; ड्राइवर की मौत

Published: Sat, 07 Nov 2026 05:28 PM (GMT+05:30)

जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर खरक पांडवा टोल के पास एक ट्रक खंभे से टकराकर पलट गया, जिससे चालक सेहवन की मौत हो गई और कंडक्टर जसबीर घायल हो गया।

जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा। सांकेतिक फोटो

जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर ट्रक हादसे में चालक की मौत हुई।

  2. नींद की झपकी आने से अनियंत्रित होकर खंभे से टकराया ट्रक।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, शव पोस्टमार्टम को भेजा।

संवाद सहयोगी, कलायत। जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर गांव खरक पांडवा टोल से कुछ दूर आगे एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार कंडक्टर घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब चालक को नींद की झपकी आ गई और अनियंत्रित ट्रक हाईवे किनारे लगे खंभे से टकराकर पलट गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के गांव रसूलपुर निवासी करीब 25 वर्षीय सेहवन के रूप में हुई। वह शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी भी है। हादसे में घायल कंडक्टर को हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार सेहवन अपने साथी जसबीर के साथ ट्रक में सवार होकर दिल्ली से पंजाब के तरनतारन जा रहा था। जब वे जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर गांव खरक पांडवा टोल से थोड़ा आगे पहुंचे तो चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे लगे खंभे से जा टकराया और पलट गया। हादसे में चालक सेहवन की जान चली गई, जबकि कंडक्टर जसबीर को हल्की चोटें आईं।

हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने हादसे की सूचना कलायत थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का जायजा लिया। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। कलायत थाना एसएचओ रणदीप सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।