विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में भीषण सड़क हादसा, कार और ई-रिक्शा की टक्कर में मासूम की मौत; नौ घायल

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:51 PM (IST)

कैथल के चीका क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें एक माह के ...और पढ़ें

कैथल में भीषण सड़क हादसा। सांकेतिक फोटो

कैथल में भीषण सड़क हादसा। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. चीका में ब्रेजा कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी।

  2. हादसे में एक माह के मासूम निरवैर सिंह की मौत।

  3. परिवार के नौ सदस्य गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

जागरण संवाददाता, कैथल। चीका क्षेत्र में हरिगढ़ किंगन गांव के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सामने से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार एक माह पांच दिन के मासूम निरवैर सिंह की मौत हो गई, जबकि परिवार के नौ अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी गुहला ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पटियाला के राजेंद्र अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक दलजीत सिंह की शिकायत पर कार चालक के विरुद्ध चीका थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में पंजाब के पटियाला जिले के गांव ददहेड़ियां निवासी दलजीत सिंह ने बताया कि उसने करीब एक महीने पहले नया बैटरी वाला ई-रिक्शा खरीदा था। मंगलवार को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कैथल जिले के गांव रसूलपुर मांडी में रिश्तेदारी में आया हुआ था। शाम करीब छह बजे वह परिवार के साथ ई-रिक्शा में वापस अपने गांव के लिए रवाना हुआ था। रात करीब आठ बजे जब वे हरिगढ़ किंगन गांव के पास पहुंचे तो पिहोवा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उनकी ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा का अगला हिस्सा टूट गया और वह सड़क पर पलट गई। उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में उसे, उसकी पत्नी जसवंत कौर, दामाद राहुल को गंभीर चोटें आईं और कुल नौ लोग घायल हुए।

वहीं परिवार के एक माह पांच दिन के बच्चे निरवैर सिंह को भी गंभीर चोट लगी। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। कार चालक की पहचान सरनदीप सिंह के रूप में हुई। चीका थाना पुलिस ने आरोपित कार चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।