यूरोप तक महक रहा हरियाणा का बासमती, किसानों पर बरस रहा पैसा; एक एकड़ में सवा लाख रुपये तक की हुई आमदनी
भारतीय बासमती चावल को विदेशों में रिकॉर्ड दाम मिल रहे हैं, जिससे किसानों को धान की बिक्री पर ऐतिहासिक मुनाफा हो रहा है। खाड़ी और यूरोपीय देशों में बढ़ती मांग के कारण निर्यात में वृद्धि हुई है।
-1795553228800_m.webp)
यूरोप तक महक रहा हरियाणा का बासमती। सांकेतिक फोटो
HighLights
भारतीय बासमती चावल को विदेश में रिकॉर्ड ऊंचे दाम मिले।
किसानों को धान की बिक्री से 30% अधिक आय हुई।
खाड़ी और यूरोपीय देशों में बासमती की मांग बढ़ी।
रोहताश शर्मा, कैथल। हमारे बासमती चावल की खुशबू विदेश और अधिक महकदार हो रही है। खाड़ी से यूरोपीय देशों तक भारतीय बासमती की जबरदस्त मांग है। इस बार रिकॉर्ड भाव मिल रहे हैं। चावल के दाम बढ़ने के बाद धान के भाव भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।
पिछले साल 1121 किस्म के चावल का भाव 1050 डालर प्रति टन था। इस बार यह 1200 डालर प्रति टन मिल रहा है। पिछले साल 1509 किस्म के चावल का भाव 900 डालर प्रति टन था। यह इस बार 1100 डालर प्रति टन मिल रहा है। किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिल रहा है। देश में भी बासमती चावल की मांग बढ़ी है।
पिछले साल जहां बासमती धान सामान्य तौर पर 3000 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था। इस साल बासमती किस्मों का रेट 4000 से लेकर 5900 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। परंपरागत बासमती का रेट तरावड़ी मंडी में 6000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल चुका है।
कीमतों में आई इस तेजी से बासमती की खेती करने वाले किसान बेहद खुश हैं। चावल निर्यातकों का कहना है कि विदेश में अच्छे सौदे हो रहे हैं और घरेलू मार्केट में बासमती चावल की अच्छी मांग है। हालांकि पाकिस्तान का चावल भी कड़ी टक्कर दे रहा है, लेकिन अपेक्षाकृत हमारे चावल की मांग अधिक है। निर्यात में बढ़ोतरी होगी।
पिछली बार 62 लाख टन हुआ था निर्यात
ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के वाइस प्रेजीडेंट देवेंद्र सिंगला ने बताया कि विदेश में पिछले साल 62 लाख टन चावल का निर्यात हुआ था, इसमें आधे के करीब चावल हरियाणा का चावल निर्यात था। इस बार चावल के 20 प्रतिशत ज्यादा रेट मिल रहा है।
विदेश और घरेलू मार्केट में चावल की अच्छी डिमांड है। सउदी, ईरान, इराक, दुबई और कुवैत सहित यूरोप के देशों में हमारा चावल जाता है। देश का 25 प्रतिशत चावल ईरान में जाता है। वहां युद्ध के कारण डिलीवरी देरी से जा रही है। स्ट्रेट आफ होर्मुज के कारण जहाज का किराया ज्यादा लग रहा है।
एक लाख से सवा लाख रुपये प्रति एकड़ निकल रहा धान
रोहिड़ा गांव के किसान सतनारायण ने बताया कि उसने बासमती किस्म 1718 दस एकड़ में लगाई हुई थी। 5000 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल रेट मिला। परंपरागत बासमती 5900 से 6000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी है। कम वर्षा होने के बावजूद भी उत्पादन बहुत अच्छी रहा। प्रति एक एक लाख से सवा लाख रुपये की आमदन हुई। पिछले साल से 30 प्रतिशत ज्यादा आमदन हुई।
भारतीय चावल की अलग पहचान
विश्वभर में भारतीय बासमती चावल की अपनी अलग पहचान है। इसकी लंबाई, खुशबू और पकने के बाद दाने का आकार बढ़ने की विशेषता इसे दूसरे चावलों से अलग रखती है। यूरोपीय देशों में भी परंपरागत बासमती चावल की मांग ज्यादा रहती है। कई देश भविष्य की जरूरतों को देखते हुए खाद्यान्न का भंडार बढ़ा रहे हैं। इसका सीधा फायदा भारतीय बासमती के बाजार को मिल रहा है।
बासमती का रकबा दस लाख एकड़
प्रदेश में बासमती का रकबा करीब दस लाख एकड़ है। तरावड़ी, करनाल, घरौंडा, कैथल और पूंडरी की मंडियों में दूसरे प्रदेशों से भी बारीक धान आता है। इस बार धान का उत्पादन पिछले साल से 10 से 15 प्रतिशत ज्यादा निकल रहा है और भाव भी अच्छा मिल रहा है।
गैर बासमती का रकबा प्रदेश में पिछले साल 28 लाख 80192 एकड़ था और 4,83,897 किसानों ने पोर्टल पर पंजीकरण करवाया था। इस साल गैर बासमती का रकबा पोर्टल पर 24 लाख 7104 दर्ज हुआ था। आठ लाख 81 हजार 128 किसानों ने पंजीकरण करवाया है। पीआर का रकबा इस बार चार लाख 73 हजार एकड़ कम दर्ज हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।