Kaithal News: हरियाणा में जून और जुलाई के महीने में खूब तपाएगी गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हरियाणा में इस बार जून के महीने में 80 प्रतिशत बारिश कम होने के आसार हैं। इसका सीधा असर प्रदेश में होने वाली धान की रोपाई पर पड़ेगा। मई महीने में सामान्य से 71 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज हुई।
कैथल, जागरण संवाददाता। मई महीने में महज एक सप्ताह ही गर्मी महसूस हुई। पूरा महीना कूल-कूल रहा लेकिन इस अब जून महीने में तेज गर्मी पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, जून और जुलाई महीने में भीषण गर्मी पड़ेगी। वीरवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जून में बारिश कम होने से किसानों पर पड़ेगा प्रभाव
बता दें कि प्रदेश में जून के महीने में मौसम को लेकर अच्छी खबर नहीं है। इस बार 80 प्रतिशत बारिश कम होने के आसार हैं। इसका सीधा असर प्रदेश में होने वाली धान की रोपाई पर पड़ेगा। मई महीने में सामान्य से 71 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज हुई। इससे कैथल भी कहीं अछूता नहीं रहा। वर्षा कम होने के कारण राज्य में जून में गर्मी बढ़ेगी। जून की शुरुआत होते ही नौतपा में अधिकतम तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि जून में दिन और रात के तापमान में सामान्य से एक और दो डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी।
मई महीने में अच्छी हुई बारिश
जिले के लोगों पर मई महीने में मौसम मेहरबान रहा है। जिले में लगभग 20 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से ज्यादा रही। अमूमन मई में 10 से 15 प्रतिशत सामान्य वर्षा होती है। हालांकि जून में वर्षा कम होने के आसार मौसम विभाग ने जताए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जून में इस बार सामान्य से 80 प्रतिशत वर्षा कम होगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डा. रमेश वर्मा का कहना है कि इस बार मई महीने में काफी वर्षा हुई। मौसम ठंडा ही रहा, लेकिन जून महीने में भीषण गर्मी के आसार है। इस दौरान धान रोपाई का भी सीजन है। इसमें पानी की काफी आवश्यकता होती है। वर्षा के बिना कहीं न कहीं किसानों के लिए भी चिंता का विषय है।