जल घर की चहारदीवारी टूटने से लोगों में रोष
संवाद सहयोगी राजौंद वार्ड नंबर तीन के जल घर की चार दीवारी टूटने से लोगों में रोष है।
संवाद सहयोगी, राजौंद : वार्ड नंबर तीन के जल घर की चार दीवारी टूटने से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि जल घर की दीवार टूटने के कारण बेसहारा पशु अंदर घुस गंदगी फैलाते है। वार्ड वासी रमेश जांगड़ा, मोहन शर्मा, वीरभान शर्मा, विनोद, रमेश कश्यप, मनु ने बताया कि जुलाई माह में आए तूफान के कारण जल घर की चार दीवारी टूट गई थी, लेकिन विभाग ने उसे आज तक भी ठीक करवाना उचित नहीं समझा। इन लोगों ने बताया कि दीवार टूटने के कारण बेसहारा पशु अंदर घुसकर गंदगी फैला रहे है। लोगों ने बताया कि पिछले दिनों एक गाय जलघर के टैंक में गिर गई थी, बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जल घर से नगर के कई वार्डों में पानी सप्लाई किया जाता है। इन लोगों ने बताया कि इस बारे विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। इन लोगों ने मांग करते हुए कहा कि टूटी हुई चार दीवारी को बनाया जाए। एसडीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि टूटी हुई चार दीवारी को जल्द ही बना दिया जाएगा।