टिकट नहीं मिलने पर रूठना और मनाने का सिलसिला चलता रहता
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्य सभा सदस्य बिरेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ लोग सियासत में दिग्गजों के साथ अपनी जान-पहचान बढ़ाने के लिए टिकट की मांग करते हैं। सही मायने में जमीन से जुड़े कार्यकर्ता टिकट के हकदार हैं।
संवाद सहयोगी, कलायत : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्य सभा सदस्य बिरेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ लोग सियासत में दिग्गजों के साथ अपनी जान-पहचान बढ़ाने के लिए टिकट की मांग करते हैं। सही मायने में जमीन से जुड़े कार्यकर्ता टिकट के हकदार हैं। कोई पार्टी से बड़ा नहीं होता, इसलिए पार्टी निर्देशों की पालन करते हुए हर कार्यकर्ता व पदाधिकारी को अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए, वे कलायत अनाज मंडी में भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू थे। इस दौरान उन्होंने कलायत हलके से भाजपा प्रत्याशी कमलेश ढांडा के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की। सिंह ने कहा अपने 40 वर्ष के राजनैतिक जीवन में उन्हें कई बार टिकट बांटने का अवसर मिला है। इस विषय को लेकर रूठना और मान जाने का सिलसिला चलता ही रहता है।
उन्होंने हमेशा कलायत क्षेत्र की राजनैतिक शक्ति को बढ़ाने के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि जिस इलाके के नेता मजबूत होते हैं वहां का समग्र विकास तय है। हर कोई इस बात से वाकिफ है कि देश को नई दिशा देने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णत सक्षम हैं। आज पूरे विश्व में भारत देश का डंका बज रहा है।