विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

व्हाट्सएप कॉल पर फर्जी अदालत और गिरफ्तारी... कैथल में डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त शिक्षिका से एक करोड़ 23 लाख की ठगी

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:23 PM (IST)

कैथल में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षिका वेद कुमारी को डिजिटल अरेस्ट कर 1.23 करोड़ रुपये ठग लिए। ठगों ...और पढ़ें

कैथल में डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त शिक्षिका से एक करोड़ 23 लाख की ठगी। सांकेतिक फोटो

कैथल में डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त शिक्षिका से एक करोड़ 23 लाख की ठगी। सांकेतिक फोटो


जागरण संवाददाता, कैथल। साइबर ठगों ने खाते में ठगी के पैसे आने का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट कर प्रताप गेट निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका वेद कुमारी से एक करोड़ 23 लाख रुपये ठग लिए। आरोपितों ने खुद को पुलिस अधिकारी और वकील बताकर महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाया।

इसके बाद वाट्सएप वीडियो काल पर फर्जी अदालत बनाकर सुनवाई की। जांच के नाम पर उनकी पूरी जमा पूंजी अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। महिला को ठगी का पता तब चला जब उनका बेटा घर पहुंचा और उसने फोन पर बात करने वाले व्यक्ति की सच्चाई बताई। महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया है।

शिकायत में बताया कि तीन नवंबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उनके नाम पर केनरा बैंक में खाता है, जिसमें संदिग्ध लेनदेन हुआ है और धोखाधड़ी की रकम आई है। महिला ने खाता होने से मना किया तो आरोपित ने गिरफ्तारी की बात कहकर डराना शुरू कर दिया। चार नवंबर को वाट्सएप पर दोबारा फोन आया।

कैमरे के सामने रहने की बात

फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताया और गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कही। इसके बाद महिला को एक फर्जी वारंट भी भेजा गया। आरोपितों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट करने और कैमरे के सामने रहने की बात कही।

पांच नवंबर को वीडियो काल पर कोर्ट दिखाकर फर्जी तरीके से सुनवाई करवाई गई। इसमें राहुल गर्ग नाम के व्यक्ति को महिला की तरफ से वकील बनाकर पेश किया गया। कथित जज ने महिला को जांच के नाम पर अपनी रकम सरकारी खाते में जमा करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद महिला ने एचडीएफसी बैंक की एफडी तुड़वाकर 33 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए खाते में भेज दिए।

छह नवंबर को दोबारा से फोन आया

शिकायत के अनुसार छह नवंबर को दोबारा वीडियो काल पर सुनवाई हुई। इस दौरान महिला को बाकी जमा पूंजी भी ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। उन्होंने डाकघर के करीब 28 किसान विकास पत्रों से प्राप्त 90 लाख रुपये एसबीआइ खाते में जमा करवाए।

सात नवंबर को महिला ने 50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए खाते में भेज दिए। इसके अलावा 40 लाख रुपये बंधन बैंक के खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कहा गया। आरोपित लगातार वीडियो काल पर निगरानी रखे हुए थे और महिला को किसी से बात नहीं करने दे रहे थे।

आठ नवंबर को महिला का बेटा घर पहुंचा तो उसने पूरी घटना बताई। बेटे ने फोन पर बात करने वाले व्यक्ति से बातचीत की तो ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।