आज से शुरू हो जाएगा नंदीशाला में शेड निर्माण का कार्य
शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर बनी हुई है। करीब 700 पशु सड़कों पर घूमते हैं। नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड का निर्माण कार्य करवाया जाना है।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर बनी हुई है। करीब 700 पशु सड़कों पर घूमते हैं। नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड का निर्माण कार्य करवाया जाना है। इसके लिए ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। ठेकेदार पवन ने दावा किया है कि शुक्रवार से शेड निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। शेड निर्माण के कार्य पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। शेड बनने के बाद बेसहारा पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगाया जाएगा। जरूरत के हिसाब से नंदीशाला में पशुओं को छोड़ा जाएगा। करीब दो साल पशुओं को पकड़ने का टेंडर नहीं लगाया गया है। इस कारण से शहर में पशुओं की संख्या बढ़ गई थी। नप अधिकारियों ने शहर की मुख्य गोशाला संचालकों की मीटिग बुलाई थी। उनसे पशु लेने के लिए आग्रह किया गया था, लेकिन सभी संचालकों ने मना कर दिया था। नंदीशाला में पशुओं को तो छोड़ा जा सकता था, लेकिन शेड न होने के कारण परेशानी हो रही थी। अब शेड निर्माण होने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। बेसहारा पशुओं के कारण लगातार हादसे भी बढ़ रहे हैं।
ठेकेदार को जल्द से जल्द नंदीशाला में शेड निर्माण करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। अगर जल्द ही काम शुरू नहीं किया गया तो ठेकेदार से इसका जवाब मांगा जाएगा। शेड बनने के बाद पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगाया जाएगा।