प्रदेश के विस चुनाव में 10 सीटों पर सिमटेगी कांग्रेस : कृष्णपाल गुर्जर
विधानसभा क्षेत्र कैथल हलके के सबसे बड़े गांव क्योड़क में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने जनसभा को संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी लीला राम के समर्थन में आयोजित जनसभा में केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने कांग्रेस द्वारा घोषित किए गए घोषणा पत्र को ढकोसला बताते हुए कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर कौन विश्वास करेगा कांग्रेस तो इन चुनावों में केवल 10 सीटें पर सिमटने वाली है
जागरण संवाददाता, कैथल : विधानसभा क्षेत्र कैथल हलके के सबसे बड़े गांव क्योड़क में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने जनसभा को संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी लीला राम के समर्थन में आयोजित जनसभा में केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने कांग्रेस द्वारा घोषित किए गए घोषणा पत्र को ढकोसला बताते हुए कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर कौन विश्वास करेगा, कांग्रेस तो इन चुनावों में केवल 10 सीटें पर सिमटने वाली है और प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बनने जा रही है, इसलिए जनता केवल भाजपा के ही घोषणा पत्र पर विश्वास करेगी।
अनुच्छेद 370 को हटा प्रधानमंत्री ने धोया 70 साल का कलंक
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर देश के माथे से 70 साल के कलंक को धोया है, उसी प्रकार इस बार कैथल की जनता सुरजेवाला की 15 साल की गिरदावरी को तोड़ने का काम करेगी। कार्यक्रम में बाल्मीकि समाज की तरफ से मंत्री गुर्जर को पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में दुश्मन हमारे सैनिकों के सिर काट कर ले जाते थे और हमारे हुकमरान निदा करके खामोश हो जाते थे, लेकिन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने आज स्थितियां बदल दी हैं। आज कोई हमारी तरफ आंख उठाकर देखता है तो उसको उसी की भाषा में जवाब दिया जाता है। यह काम क्या कांग्रेस कर सकती थी? क्या कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक जैसा कदम उठा सकती थी। क्या कांग्रेस अनुच्छेद 370 हटा सकती थी, नहीं। इसीलिए आज पूरा देश भाजपामय हो गया है।
किसानों को सम्मान निधि योजना लागू कर दिया लाभ
उन्होंने कहा कि आज हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं क्योंकि हमारे देश का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। सम्मान इसीलिए बढ़ा है कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने मजबूती से फैसले लिए हैं। विरोधी दल मंदी की बात कहकर प्रचार कर रहे हैं। लेकिन यह स्पष्ट है कि यह दुष्प्रचार है। हमारे देश में सरकार द्वारा रोजगार बढ़ाने के लिए अनेकों ऐसी नीतियां लागू की हैं। जिससे युवा खुद का रोजगार शुरू कर सकें। स्टार्ट-अप इंडिया जैसी ऐसी योजनाएं हैं, जिनके बल पर लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।
किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। कर्मचारियों के भत्तों में बढ़ोतरी की जा रही है। प्रदेश में ईमानदारी से भर्तियां हो रही हैं। यह सब बदलाव भाजपा ही ला सकती है। इसीलिए भाजपा पार्टी को लेकर देश-प्रदेश में जो माहौल है, वही आज कैथल में देखने को मिल रहा है।