रोडवेज की बसें रहीं बंद, यात्रियों की संख्या कम
जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को भी लगभग रोडवेज की बसें बंद रही। बस स्टैंड पर इसका असर साफ दिखाई दिया। बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की संख्या ओर दिनों की अपेक्षा कम रही।
जागरण संवाददाता, कैथल : जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को भी लगभग रोडवेज की बसें बंद रही। बस स्टैंड पर इसका असर साफ दिखाई दिया। बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की संख्या ओर दिनों की अपेक्षा कम रही। रोडवेज बसें सुबह ही अपने-अपने निर्धारित स्टैंड पर खड़ी हो गई लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के कारण अपने रूट पर नही जा सकी। परिवहन विभाग के आदेशानुसार जिस बस में यात्रियों की संख्या कम होगी वह अपने रूट पर नही जाएगी। इसका खामियाजा उन यात्रियों को भुगतना पड़ा जो सुबह से बस स्टैंड परिसर में अन्य जिलों में स्थित अपने-अपने कार्यालयों तक जाने के लिए पहुंच गए थे। नौकरी करने वाले लोगों को इस कारण खासी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें घंटों बस के संचालन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। लंबे रूट पर जाने वाले यात्रियों ने प्राइवेट साधनों का सहारा लिया। कुछ प्राइवेट बसें ही चली।
निजी वाहनों का लिया सहारा
आसपास के जिलों में जाने वाले दैनिक यात्रियों ने निजी वाहनों का सहारा लिया लेकिन लंबे रूट हिसार, सिरसा आदि जाने वाले यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। वही कुछ डिपों से लॉकडाउन वाले जिलों ग्रुरग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, पंचकूला व पानीपत के लिए बसें नही गई। निजी वाहनों के द्वारा यात्रियों ने अपना सफर तय किया। पंजाब, जम्मू व दिल्ली जाने वाले रूटों पर बसें पहले ही बंद की जा चुकी है। रोडवेज विभाग भी लोगों से जरूरी काम के लिए ही बसों में यात्रा करने की अपील कर रहा है।
बस नहीं जा रही
यात्री अरुण बंसल कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ बैंक में मैनेजर की नौकरी करता हूं। लेकिन यात्री कम होने के कारण बस नहीं जा रही है। इस कारण परेशानी हो रही है। सरकार को स्पेशल बसें चलानी चाहिए ताकि कुछ दैनिक यात्रियों को परेशानी न हो।
30 यात्रियों की संख्या पर बसें चलाई जा रही
सतपाल गुप्ता ने बताया कि उसने अपने किसी निजी काम से करनाल जाना था लेकिन बसें न मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग में जाकर पूछा तो 30 यात्रियों की संख्या पर ही बस चलाने के लिए कहा जा रहा है।
दूसरे राज्यों की भी बस सेवा बंद
टीएम कमलजीत ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखकर बसें चलाने के आदेश है। लेकिन बस स्टैंड पर एक जगह के यात्री नहीं मिल रहे है। दूसरे राज्यों की भी बस सेवा बंद है।