भाजपा सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर 70 साल पुरानी बीमारी को की खत्म : सुरेश नौच
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक सुरेश गर्ग नौच ने रविवार को नई अनाज मंडी में जनसमर्थन रैली की। रैली में 10 हजार पौधे लोगों को वितरित कर पर्यावरण का संदेश दिया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल : भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक सुरेश गर्ग नौच ने रविवार को नई अनाज मंडी में जनसमर्थन रैली की। रैली में 10 हजार पौधे लोगों को वितरित कर पर्यावरण का संदेश दिया गया।
नौच ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर 70 साल पुरानी बीमारी को खत्म करने का काम किया है। आज देश ही नहीं पूरे विश्व में प्रधानमंत्री मोदी का डंका बजता है। आज देश के हर नागरिक के मन में यह बात है कि मोदी है तो मुमकीन है। इसी प्रकार प्रदेश में भी सीएम मनोहर की नीतियों से जनता प्रभावित है। विस चुनाव में जो लक्ष्य भाजपा ने तय किया है वह जनता के आशीर्वाद से पूरा होगा। सीएम मनोहर लाल के पास जब भी व्यापारियों व अन्य वर्ग के लोगों के कोई काम लेकर वे गए हैं तो मिनटों में वह काम हुआ है।
सुरेश गर्ग नौच ने कहा कि इस रैली को फेल करने के लिए ओछी राजनीति करने वालों ने पूरी ताकत लगाई, यह भी अफवाह फैलाई गई कि पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली का निधन हो गया, इसलिए रैली नहीं हो सकती। इस तरह की गंदी राजनीति करने वालों के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। यहां अनाज मंडी में भी कुछ लोग राजनीतिक करते हैं, उन्हें व्यापारियों के हितों से कोई मतलब नहीं है, केवल अपनी खबर और फोटो छपवाने की रहती है। वे ऐसे लोगों से कहना चाहते हैं कि मंडी व आरकेएसडी कॉलेज की राजनीतिक करना छोड़कर विधानसभा चुनाव की लड़ाई लडें़।
पांच हजार में से पांच सौ नौकरियां कैथल के हिस्से में होंगी : गर्ग ने कहा कि पिछले तीन सालों से वे जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार कर रहे हैं। मूंदड़ी गांव से इस अभियान की शुरूआत की थी। आज रैली कर इस अभियान का समापन किया गया है। पार्टी ने मौका दिया तो वे कैथल को चमका देंगे। पांच हजार नौकरियों में से पांच सौ कैथल के हिस्से में होंगी, जो लोग टेस्ट पास नहीं कर पाएंगे उनके लिए भाजपा सरकार की जो योजना है उस अनुसार रोजगार दिलाया जाएगा। यहां से कांग्रेस का विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला है, जो पांच सालों से विधानसभा में नहीं गया, सांसद जो राजकुमार सैनी थे वे भी पार्टी के खिलाफ चले गए, इस तरह से कैथल की अनदेखी इन नेताओं ने की। सीएम मनोहर लाल ने यहां पार्टी का विधायक न होते हुए भी करोड़ों के विकास कार्य कराए।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कहा कि जनसमर्थन रैली में उमड़ी भीड़ से यह साबित हो गया है कि भाजपा ने जो 75 प्लस का लक्ष्य रखा है वे अब न केवल पूरा होगा, बल्कि 90 की 90 सीटें जनता भाजपा की झोली में डालेगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप