सहमति नहीं बनी तो दो दिन तक बढ़ी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल
नगरपालिका कर्मचारी संघ की ओर हड़ताल को दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। तीन दिन से नगर परिषद के पक्के कर्मचारी व पे-रोल के कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने नप कार्यालय को भी ताला लगाया हुआ है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगरपालिका कर्मचारी संघ की ओर हड़ताल को दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। तीन दिन से नगर परिषद के पक्के कर्मचारी व पे-रोल के कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने नप कार्यालय को भी ताला लगाया हुआ है।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के ब्लाक प्रधान महेंद्र बिढ़लान ने बताया कि बृहस्पतिवार को संघ के उच्च पदाधिकारियों और विभाग के उच्च अधिकारियों के बीच बैठक हुई। मीटिग में मांगों को लेकर सहमति नहीं बनी तो हड़ताल दो दिन के लिए आगे बढ़ा दी गई है। हड़ताल के कारण नप कार्यालय में काम कराने आने वाले लोगों खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा था। अब लोगों को सोमवार को ही अपने काम करवाने के लिए आना पड़ेगा। दो दिन की हड़ताल के बाद अब सोमवार को ही कार्यालय खुल सकता है। अगर समझौता नहीं हुआ तो कर्मचारियों की हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। कर्मचारियों की हड़ताल को समर्थन देने के लिए कांग्रेस नेता सुदीप सुरजेवाला भी धरनास्थल पर पहुंचे। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को पूरा करना चाहिए।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों
की रिपोर्ट भेजी
विभाग की ओर से हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की रिपोर्ट मांगी गई थी। नगर परिषद की ओर से हड़ताल में शामिल सभी कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार कर भेज दी गई है। मुख्य सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का वेतन काट लिया जाएगा। सफाई व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है। डोर टू डोर, रात के सफाई कर्मचारी व कुछ पक्के कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं हैं और अपना काम कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की दो यूनियनें बनी हुई हैं, जिनमें से एक यूनियन काम कर रही है और दूसरी हड़ताल पर है।