सुरजेवाला के गढ़ में अरविंद केजरीवाल की दस्तक, बोले- वोट के साथ पैसा भी चाहिए
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के गढ़ कैथल में स्कूल-अस्पताल रैली कर हुंकार भरी।
कैथल, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अौर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा में पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। हरियाणा में एक के बाद एक रैली कर रहे केजरीवाल शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के गढ़ कैथल में दस्तक दी। कैथल में आयोजित स्कूल-अस्पताल रैली में उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा और इनेलो पर भी निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने लोगों से 2019 के चुनाव के लिए वोट के संग नोट भी मांगे। उन्होंने कहा कि देश और यहां के लोग अच्छे हैं। गंदे तो राजनीतिक दल और इसके नेता हैं।
उत्तरी हरियाणा की पहली स्कूल-अस्पताल रैली में कैथल पहुंचे थे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
कैथल के चांदना गेट क्षेत्र में स्थित रामलीला मैदान में आयोजित अाप की स्कूल-अस्पताल रैली में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद 70 साल में कांग्रेस और भाजपा को जो करना चाहिए था उन्होंने वह नहीं किया। हमने दिल्ली में तीन साल में वह सारा कुछ करके दिखा दिया जो ये दोनों पार्टियां नहीं कर सकीं। कांग्रेस और भाजपा ने देश को धोखे में रखा।
अरविंद केजरीवाल की रैली में माैजूद लोग।
उन्होंने कहा, देश अच्छा है और यहां के लोग भी अच्छे हैं लेकिन राजनीति गंदी है और राजनीतिक दल व इसके नेता गंदे हैं। हरियाणा में स्कूल-अस्पताल रैली के नाम पर यह उनकी चौथी और उत्तर हरियाणा में यह रैली है। उनकी स्कूल-अस्पताल रैली रविवार को सोनीपत में है। अभी तक वह फरीदाबाद, गुरुग्राम और नारनौल में रैलियां कर चुके हैं। केजरीवाल ने कहा, 70 साल से देश पर कभी भाजपा और कभी कांग्रेस ने राज किया, लेकिन सबकी नीयत खराब थी। ये पार्टियां जो अपने कार्यकाल में नहीं कर सकीं, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कर दिखाया। अब हरियाणा की बारी है, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए अाप के पास एक पैसा नहीं है। इसलिए सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हमें वोट के साथ पैसा भी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में जनता कभी मनोहरलाल तो कभी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आजमा कर देख चुकी है और परेशान हो चुकी है। अब आम आदमी पार्टी को चुन कर देख लो। उन्होंने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाते हुए कहा, मुझ पर दो साल में चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। यह कभी सोचा नहीं था कि देश में एक मुख्यमंत्री की सुरक्षा इतनी कमजोर हो सकती है। भाजपा यह हमले इसलिए करवा रही है, क्योंकि अब पूर देश में दिल्ली के स्कूल और अस्पतालों की चर्चा होने लगी है। भावुक अंदाज में केजरीवाल बोले, मैं जानता हूं कि मेरी जिंदगी छोटी है। मैं देश के भविष्य की भीख मांगने आया हूं।
जनसभा में आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी गोपाल राव, आप के प्रदेश प्रधान नवीन जयहिंद, दिल्ली कैंट के विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह, वजीरपुर के विधायक राजेश गुप्ता, रिठाला के विधायक महेंद्र गोयल, आप के प्रदेश प्रवक्त विशाल खुब्बड़ भी शामिल हुए। इन नेताओं ने भी रैली काे संबोधित किया।
केजरी ने चुनावी एजेंडा भी किया घोषित
स्कूल-अस्पताल रैली में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी का चुनावी एजेंडा भी घोषित कर दिया। इनमें किसान की फसल के पूरे दाम देना, सौ फीसदी कर्ज माफ करना, खराब फसल का मुआवजा, युवाओं को रोजगार, दिल्ली की तर्ज पर स्कूल, एयर कंडीशन्ड अस्पताल, बिजली के रेट एक रुपये प्रति यूनिट तय करना शामिल हैं।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अगर किसी भी गांव में फसल खराब होती है, तो उसके लिए 20 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाता है। दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनकी फसल बीमा योजना लागू करने से मना कर दिया है और हम अपनी किसान मुआवजा योजना लाए हैं। केजरीवाल ने हरियाणा के प्राइवेट स्कूलों और अस्पतालों को लूट का अड्डा करार दिया।