कैथल में बारीकी धान की बढ़ी आवक, मुच्छल 5400 तो 1121 के भाव पहुंचे 5550 रुपये प्रति क्विंटल
कैथल की अनाज मंडियों में बारीकी धान की आवक बढ़ी है, जहां 1121, मुच्छल और 1718 जैसी किस्मों के भाव पहली बार 5000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक हो गए हैं।
-1795429858067_m.webp)
कैथल में बारीकी धान की बढ़ी आवक।
HighLights
कैथल मंडियों में बारीकी धान की आवक बढ़ी।
1121, मुच्छल धान के भाव 5000 रुपये पार।
किसानों को प्रति एकड़ एक लाख से अधिक आय।
जागरण संवाददाता, कैथल। जिले की अनाज मंडियों में बारीकी धान की आवक बढ़ रही है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार भाव में तेजी है। पहली बार ऐसा हुआ है की 1121, मुच्छल व 1718 के भाव पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा है। इस बार उत्पादन भी अच्छा हो रहा है।
जिन किसानों ने जमीन ठेका पर लेकर खेती की है, उन किसानों को इस बार धान सीजन में मिले भाव से फायदा हुआ है। किसानों का कहना है कि पिछले चार-पांच सालों में इस तरह के भाव बारीकी धान के मिले हैं, पिछले साल तो 1121, मुच्छल व 1718 के भाव 4500 रुपये प्रति क्विंटल से भी कम थे, लेकिन इस बार भाव में आई तेजी से किसानों को फायदा हुआ है।
वहीं, मंडियों में लगे फूस के ढेर से किसान परेशान हैं। नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी मार्ग पर बड़ा ढेर लगा हुआ है, इस कारण काफी दिक्कत आ रही है। आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग ज्यादा परेशान हैं।
1121 के भाव 5500 रुपये तो मुच्छल के भाव मिले 5400 रुपये प्रति क्विंटल
शहर की तीनों अनाज मंडियों में बारीकी धान की आवक चल रही है। नई अनाज मंडी में आवक ज्यादा है। मंडियों में 1718 किस्म के भाव 5350 रुपये, 1121 के भाव 5500 रुपये व मुच्छल के भाव 5400 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। मंडियों में अब पीआर धान की आवक बंद हो चुकी है।
1509 की भाव अक्टूबर माह तक ही हुई थी। इस सीजन में 1508 के भाव भी पहली बार 4400 से 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले। किसान रामकुमार, बलजीत व मुकेश ने बताया कि इस बार 1509 व 1718 किस्म का धान लगाया।
पिछले साल इन किस्मों के भाव काफी कम थे, लेकिन इस बार चार हजार रुपये प्रति क्विंटल से भी ज्यादा मिले। प्रति एकड़ एक लाख रुपये से ज्यादा की आमदनी किसान की हुई है।
मंडियों में हो रही बारीकी धान की आवक: सचिव
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि मंडियों में अब पीआर धान की आवक बंद हो गई है। बारीकी धान लेकर किसान आ रहे हैं। उठान भी साथ की साथ हो रहा है। मंडियों में अब जाम की कोई स्थिति नहीं है। मजदूर, किसान व आढ़तियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।