विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में दीपावली के बाद छठ पूजा की तैयारी शुरू, भोजपुरी और मैथिली कलाकार करेंगे छठ माता का गुणगान

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:33 PM (IST)

कैथल में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां पूर्वांचल जन विकास मंच द्वारा बाबा ...और पढ़ें

कैथल में दीपावली के बाद छठ पूजा की तैयारी शुरू। फोटो जागरण

कैथल में दीपावली के बाद छठ पूजा की तैयारी शुरू। फोटो जागरण

HighLights

  1. 11वां छठ पर्व महोत्सव 15-16 नवंबर को कैथल में।

  2. बाबा शीतलपुरी तालाब पर तैयारियां, साफ-सफाई जारी।

  3. भोजपुरी गायक विनोद बेदर्दी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

जागरण संवाददाता, कैथल। दीपावली के बाद अब लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्वांचल जन विकास मंच कैथल की ओर से इस वर्ष भी बाबा शीतलपुरी वाले तालाब पर 11वें छठ पर्व महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। 15 व 16 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर संस्था के सदस्यों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

तालाब की साफ-सफाई, घाटों को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रबंध किए जा रहे हैं। महोत्सव में विभिन्न संत महापुरुष भी शिरकत करेंगे और कैथल के अलावा आसपास के जिलों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचेंगे।

पूर्वांचल जन विकास मंच के प्रधान जयकिशन राय और अन्य सदस्यों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाबा शीतलपुरी वाले तालाब पर साफ-सफाई का कार्य करवाया जा रहा है। इस दौरान तालाब में जमा काई और गाद निकालने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से भी तालाब से गाद निकलवाई गई है, लेकिन निकाली गई गाद को तालाब के किनारों पर ही डाल दिया गया है। इससे आसपास दुर्गंध फैलने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तालाब से निकाली गई गाद को जल्द उठवाया जाए, ताकि छठ पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आयोजकों ने कहा कि तालाब में करीब साढ़े चार फुट पानी भरवाया जाए, ताकि श्रद्धालु पूजा के दौरान विधि-विधान के अनुसार पानी में डुबकी लगा सकें। तालाब में कई स्थानों पर ऊंचाई और गहराई का अंतर है, इसलिए पर्याप्त पानी होना जरूरी है।

उन्होंने चिंता जताई कि पर्व के आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन तालाब की साफ-सफाई का कार्य अभी तक पूरी तरह से नहीं हो पाया है। प्रशासन से जल्द सभी व्यवस्थाएं पूरी करवाने की मांग की गई है।

पहली बार तालाब में लगाई गई नई ग्रिल

आयोजकों ने बताया कि इस बार प्रशासन की ओर से तालाब में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर नई ग्रिल भी लगवाई गई हैं। इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकना और पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। छठ पूजा के अवसर पर महिलाएं और पुरुष पानी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई के साथ सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध होना जरूरी है।

भोजपुरी और मैथिली कलाकार करेंगे छठ माता का गुणगान

मंच के प्रधान जयकिशन राय ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से हवन पूजन होगा। इसके बाद 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।

प्रसिद्ध भोजपुरी गायक विनोद बेदर्दी देंगे प्रस्तुति

महोत्सव में मशहूर भोजपुरी लोक गायक विनोद बेदर्दी छठ माता का गुणगान करेंगे। उनके साथ मैथिली एवं भोजपुरी गायिका पूजा शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसके अलावा कमल अवनी आर्ट्स ग्रुप कैथल की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छठ पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाया जाएगा। संस्था की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर रविवार को शाम 5:30 बजे घाट पर महाआरती होगी। इसके बाद छठ व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे।

शाम 7 बजे भंडारे का आयोजन होगा, जबकि रात 7:30 बजे छठ माता का जागरण शुरू होगा। इसमें कलाकार भजनों और लोकगीतों के माध्यम से छठी मैया का गुणगान करेंगे। वहीं, 16 नवंबर सोमवार को सुबह 6:50 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही छठ पूजा महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।