कैथल में नए मकान में तराई करते समय युवक को लगा करंट, अगले साल जनवरी में होनी थी शादी
सीवन में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय गौरव की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने ...और पढ़ें
-1793530494341_m.webp)
तराई करते समय युवक को लगा करंट। फाइल फोटो
HighLights
सीवन में 28 वर्षीय युवक गौरव की करंट लगने से मौत।
नए मकान में तराई करते समय टुल्लू पंप से हुआ हादसा।
जनवरी 2027 में होनी थी शादी, परिवार में मातम पसरा।
संवाद सहयोगी, सीवन (कैथल)। नगर में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में बिजली का करंट लगने से 28 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव पुत्र भान सैनी निवासी सीवन के रूप में हुई है। गौरव अपने नए मकान में तराई करने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान टुल्लू पंप का पाइप निकल गया। जब वह पाइप को दोबारा लगाने के लिए गया तो नंगे पांव होने के कारण बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि करंट लगने से वह टुल्लू पंप के ऊपर ही गिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
शनिवार को छुट्टी होने के बाद आया था घर
परिवार वालों के अनुसार गौरव असंध स्थित हैफेड शुगर मिल में नेटवर्किंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह घर आया हुआ था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थी और नववर्ष 2027 के जनवरी महीने में उसकी शादी होनी तय थी।
गौरव तीन बहनों का इकलौता भाई था। जिस घर में कुछ समय बाद बेटे की शादी की खुशियां मनाई जानी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गौरव की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद पूरे सीवन क्षेत्र में शोक की लहर है। सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।