उचाना भी स्मॉग की चपेट में, सुबह की सैर हुई कम, मुंह ढंक कर निकल रहे लोग
आसमान में फैले स्मॉग के चलते लोगों ने सुबह की सैर बंद कर दी है जो आते-जाते हैं वो मास्क लगाकर। मुंह पर मास्क के अलावा रूमाल बांध कर लोग निकल रहे है।
संवाद सूत्र, उचाना : आसमान में फैले स्मॉग के चलते लोगों ने सुबह की सैर बंद कर दी है, जो आते-जाते हैं वो मास्क लगाकर। मुंह पर मास्क के अलावा रूमाल बांध कर लोग निकल रहे है। आसमान में धुआं के चलते दिन में रोशनी कम होने से वाहन चालक लाइट जला कर आवागमन कर रहे है ताकि हादसा होने से बचा जा सकें। लोगों की आंखों में जलन हो रही है तो सांस लेना तक लोगों को मुश्किल हो रहा है। चांदी शास्त्री, रामनिवास दनौदा, संजय शर्मा, वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि सुबह से लेकर पूरा दिन कोहरे की भांति आसमान पर धुआं छा रहा है। सुबह जैसे लोग उठते हैं तो ऐसा लगता है कि कोहरा है। लेकिन कोहरा न होकर ये धुआं होता है, जिससे आंखों में जलन होती है। हर तरफ धुएं की सफेद चादर नजर आती है। खेतों में काम को जाने वाले मजदूरों, किसानों को थोड़ी देर बाद ही आंखों में जलन होती है। दोपहर को धुएं का असर कम होता है तो शाम को फिर बढ़ने लगता है।
सुबह की सैर हानिकारक
डॉ. मुकेश पारिक ने बताया कि इन दिनों सुबह की सैर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस समय सुबह-सुबह सैर पर जाना सबसे खतरनाक है। दमा व सांस के मरीजों के लिए तो सबसे ज्यादा परेशानी है। हार्ड अटैक के मरीज भी ज्यादा बाहर न निकलें। हर रोज अस्पताल में आंखों में जलन के मरीज अधिक आ रहे हैं।